ये भारत का नक्शा नहीं… ग्लास्गो के रेस्तरां में दिखी बड़ी चूक, लवलीना ने सबके सामने जताई नाराजगी
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के दौरान ग्लास्गो में भारतीय खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित एक कार्यक्रम में ऐसी गलती सामने आई, जिसने माहौल बदल दिया। नैपकिन पर छपे भारत के नक्शे को देखकर ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन ने तुरंत आपत्ति जताई।
New Delhi: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के दौरान स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में भारतीय खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित एक कार्यक्रम विवादों में आ गया। कार्यक्रम एक भारतीय रेस्तरां में आयोजित किया गया था, जहां इस्तेमाल किए गए नैपकिन पर भारत का गलत नक्शा छपा हुआ था। इसे देखकर भारतीय खिलाड़ियों ने तुरंत आपत्ति जताई और मामला चर्चा का विषय बन गया।
लवलीना ने उठाई सबसे पहले आवाज
ओलंपिक कांस्य पदक विजेता और असम की स्टार मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने नैपकिन पर बने नक्शे को देखते ही नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि नक्शे में भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को नहीं दिखाया गया है। लवलीना ने कहा कि भारत का हर हिस्सा देश की पहचान है और उसे सही रूप में दिखाया जाना चाहिए। उनकी इस टिप्पणी के बाद वहां मौजूद लोगों का ध्यान भी इस मुद्दे की ओर गया।
ये भी पढ़ें- BCCI की बढ़ी धड़कनें: क्या श्रीलंका टेस्ट सीरीज मिस करेंगे जसप्रीत बुमराह? जानिए फिटनेस पर बड़ा अपडेट
बीएफआई अध्यक्ष ने भी जताई कड़ी आपत्ति
भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने भी इस मामले पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि नक्शे में सिर्फ पूर्वोत्तर ही नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर का भी अधूरा चित्रण किया गया है। उन्होंने रेस्तरां प्रबंधन से गलत नक्शे वाले सभी नैपकिन हटाने और उनकी जगह भारत की संपूर्ण भौगोलिक सीमा को सही ढंग से दर्शाने वाले नक्शे का इस्तेमाल करने की मांग की।
रेस्तरां की ओर से नहीं आया कोई बयान
ग्लास्गो का ‘मिस्टर सिंह्स इंडिया – द होम ऑफ करी’ शहर के प्रसिद्ध भारतीय रेस्तरां में गिना जाता है। पिछले कई वर्षों से यह रेस्तरां अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और मेहमानों की मेजबानी करता रहा है। हालांकि विवाद सामने आने के बाद भी रेस्तरां प्रबंधन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
ये भी पढ़ें- फ्लॉप शो के बाद अभिषेक शर्मा का गदर; 25 छक्कों के साथ जड़ा दोहरा शतक, गेंदबाजों में खौफ
रिकॉर्ड प्रदर्शन के बीच छाया विवाद
यह पूरा विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब भारतीय मुक्केबाजी टीम ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। भारत ने मुक्केबाजी में कुल 10 पदक अपने नाम किए, जिनमें सात स्वर्ण और तीन रजत पदक शामिल हैं। प्रीति पवार, जैस्मिन लंबोरिया, साक्षी चौधरी, प्रिया घंघास, अरुंधति चौधरी, सचिन सिवाच और अंकुश पंघाल ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि लवलीना बोरगोहेन, जादूमणि सिंह और नरेंद्र बेरवाल ने रजत पदक हासिल किए।