DELHI: 11 सितंबर को सभी स्कूल बंद रहेंगे, शिक्षा निदेशालय ने जारी किया आदेश, ये है कारण
दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय (Directorate of Education) ने राजधानी में 11 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। यह फैसला दिल्ली में आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (BRICS Summit 2026) के मद्देनजर लिया गया है। शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी आधिकारिक सर्कुलर के अनुसार, इस दिन दिल्ली के सभी सरकारी, सरकारी सहायता […]
दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय (Directorate of Education) ने राजधानी में 11 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। यह फैसला दिल्ली में आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (BRICS Summit 2026) के मद्देनजर लिया गया है।
शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी आधिकारिक सर्कुलर के अनुसार, इस दिन दिल्ली के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और गैर-सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त निजी स्कूल पूरी तरह से बंद रहेंगे। इसके साथ ही शिक्षा निदेशालय के अंतर्गत आने वाले सभी कार्यालयों में भी छुट्टी रहेगी।
यह आदेश सामान्य प्रशासन विभाग, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (GNCTD) द्वारा जारी अधिसूचना के बाद शिक्षा निदेशालय के अतिरिक्त निदेशक (समन्वय) विकास कालिया की मंजूरी से जारी किया गया है। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और स्कूल प्रमुखों को इस आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। इस दिन दिल्ली सरकार के कार्यालयों के साथ-साथ केंद्र सरकार , सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSU) और स्वायत्त निकायों के दफ्तर भी बंद रहेंगे।
बता दें कि 11 सितंबर (शुक्रवार) को छुट्टी रहने के कारण 12 सितंबर (दूसरा शनिवार) और 13 सितंबर (रविवार) को मिलाकर कर्मचारियों और छात्रों को लगातार 3 दिनों की छुट्टी मिलेगी। प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आयोजित हो रहा है। इसमें 30 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष व विदेशी प्रतिनिधि शिरकत करेंगे, जिसके चलते लुटियंस और मध्य दिल्ली में कड़े ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेंगे। दिल्ली सरकार की ओर से जारी आदेश में स्कूलों और दफ्तरों की छुट्टी का ही जिक्र किया गया है, ऐसे में 11 सितंबर को कॉलेज खुले रह सकते हैं।