भोपाल नगर निगम की सख्त कार्रवाई, अस्पताल पर 50 हजार का जुर्माना, 400 से ज्यादा लोगों को नोटिस
भोपाल नगर निगम ने शहर में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। दरअसल मंगलवार को निगम प्रशासन ने दो अलग-अलग मामलों में सख्त कदम उठाए। एक ओर आवासीय भवनों में अवैध रूप से व्यावसायिक गतिविधियां चलाने वाले 400 से अधिक लोगों को नोटिस जारी किए गए, वहीं दूसरी ओर
भोपाल नगर निगम ने शहर में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। दरअसल मंगलवार को निगम प्रशासन ने दो अलग-अलग मामलों में सख्त कदम उठाए। एक ओर आवासीय भवनों में अवैध रूप से व्यावसायिक गतिविधियां चलाने वाले 400 से अधिक लोगों को नोटिस जारी किए गए, वहीं दूसरी ओर बायो मेडिकल वेस्ट को गीले कचरे के साथ मिलाकर देने पर एक निजी अस्पताल पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
दरअसल नगर निगम के अनुसार, वार्ड क्रमांक 68 के राजीव नगर स्थित बालाजी अस्पताल पर कचरा प्रबंधन नियमों का उल्लंघन करने के कारण यह कार्रवाई की गई। निगम ने अस्पताल प्रबंधन को अंतिम चेतावनी भी दी है कि भविष्य में ऐसी गलती दोहराने पर अस्पताल को सील करने की कार्रवाई की जा सकती है।
गोविंदपुरा ट्रांसफर स्टेशन पर खुला मामला
वहीं निगम अधिकारियों को गोविंदपुरा कचरा ट्रांसफर स्टेशन पर गीले कचरे के साथ बायो मेडिकल वेस्ट मिला। मामला गंभीर होने के कारण अधिकारियों ने कचरे की जांच शुरू की। करीब तीन घंटे की जांच के बाद कचरे के स्रोत की पहचान की गई। जांच में पता चला कि यह कचरा बालाजी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल से आया था। इसके बाद निगम अधिकारी संबंधित कचरा वाहन के साथ अस्पताल पहुंचे और कचरे की पहचान कराई। अस्पताल कर्मचारियों ने स्वीकार किया कि यह कचरा उनके यहां से ही भेजा गया था।
इसके बाद निगम ने कचरे का पृथक्कीकरण नहीं करने और बायो मेडिकल वेस्ट को सामान्य कचरे के साथ मिलाने के मामले में अस्पताल पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
कचरा वाहन चालकों को भी सख्त निर्देश
दरअसल नगर निगम ने कचरा संग्रहण करने वाले वाहन चालकों को भी निर्देश दिए हैं कि वे गीला, सूखा और अन्य प्रकार का कचरा अलग-अलग ही स्वीकार करें। यदि किसी वाहन में मिश्रित कचरा पाया जाता है, तो संबंधित चालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियों पर भी कार्रवाई
वहीं इसके साथ ही नगर निगम ने आवासीय क्षेत्रों में बिना अनुमति के चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ भी अभियान चलाया है। पिछले दो दिनों में निगम की टीमों ने ऐसे भवनों की पहचान कर 400 से अधिक भवन स्वामियों को नोटिस जारी किए हैं। निगम प्रशासन का कहना है कि आवासीय क्षेत्रों में अनियमित व्यावसायिक गतिविधियों से स्थानीय लोगों को परेशानी होती है। इसलिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।