PM मोदी की अपील के बीच BJP नेता का बड़ा काफिला! भोपाल में दर्जनों गाड़ियों के साथ पहुंचे राकेश सिंह जादौन

भोपाल में गाड़ियों के लंबे काफिले को लेकर विवादों में आए बीजेपी नेता और खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के नवनियुक्त उपाध्यक्ष राकेश सिंह जादौन अब नए अंदाज में नजर आए। पीएम नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बीच दर्जनों गाड़ियों के काफिले पर उठे सवालों और संगठन की नाराजगी के बाद राकेश सिंह जादौन

May 12, 2026 - 13:30
PM मोदी की अपील के बीच BJP नेता का बड़ा काफिला! भोपाल में दर्जनों गाड़ियों के साथ पहुंचे राकेश सिंह जादौन

भोपाल में गाड़ियों के लंबे काफिले को लेकर विवादों में आए बीजेपी नेता और खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के नवनियुक्त उपाध्यक्ष राकेश सिंह जादौन अब नए अंदाज में नजर आए। पीएम नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बीच दर्जनों गाड़ियों के काफिले पर उठे सवालों और संगठन की नाराजगी के बाद राकेश सिंह जादौन ई-रिक्शा में सवार होकर भाजपा कार्यालय पहुंचे।

भोपाल की सड़कों पर उनका यह बदला हुआ अंदाज अब चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर ई-रिक्शा में बैठे राकेश सिंह जादौन की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोग इसे संगठन की फटकार का असर बता रहे हैं, जबकि भाजपा समर्थक इसे सादगी और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश बता रहे हैं।

गाड़ियों के काफिले पर मचा था बवाल

दरअसल, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण करने भोपाल पहुंचे राकेश सिंह जादौन के साथ एक दर्जन से ज्यादा गाड़ियों का काफिला दिखाई दिया था। लिंक रोड पर खड़ी कई कारों और एसयूवी पर उनके पोस्टर लगे थे। सड़क पर वाहनों की लंबी लाइन लगने से ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ था।

यह मामला इसलिए ज्यादा चर्चा में आया क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार पेट्रोल-डीजल बचाने और सादगी अपनाने की अपील करते रहे हैं। ऐसे में बीजेपी नेता के बड़े काफिले को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए थे और सोशल मीडिया पर भी लोगों ने नाराजगी जताई थी।

संगठन की नाराजगी के बाद बदली तस्वीर

सूत्रों के मुताबिक, मामले के तूल पकड़ने के बाद संगठन स्तर पर नाराजगी जताई गई। इसके बाद राकेश सिंह जादौन ने अपना तरीका बदलते हुए ई-रिक्शा से भाजपा कार्यालय पहुंचने का फैसला किया।

भोपाल में जब वे ई-रिक्शा में बैठे दिखाई दिए तो वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। कई लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया।

खादी ग्रामोद्योग बोर्ड में नई जिम्मेदारी संभालने पहुंचे थे जादौन

जानकारी के मुताबिक, राकेश सिंह जादौन भोपाल में खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण करने पहुंचे थे। इस दौरान उनके समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। कई कार्यकर्ता फूल-मालाओं और बैनरों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।

राजनीतिक कार्यक्रमों में समर्थकों की भीड़ और वाहनों का काफिला नया नहीं है, लेकिन इस बार मामला इसलिए ज्यादा चर्चा में है क्योंकि इसे प्रधानमंत्री मोदी की अपील से जोड़कर देखा जा रहा है। बीजेपी समर्थकों का कहना है कि यह एक स्वागत कार्यक्रम था और कार्यकर्ताओं का उत्साह स्वाभाविक है। वहीं विरोधी दल इसे दिखावे की राजनीति बता रहे हैं।

अध्यक्ष सौभाग्य सिंह भी विवादों में

पीएम मोदी की ईंधन बचाने और सादगी अपनाने की अपील के बीच अब पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष सौभाग्य सिंह भी विवादों में आ गए हैं। भोपाल में कथित तौर पर करीब 200 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे सौभाग्य सिंह के कारण कई जगह ट्रैफिक प्रभावित हुआ। सोशल मीडिया पर लोग तंज कसते हुए लिख रहे हैं, “साहेबान! इनके नेता मोदी नहीं, ट्रंप हैं?” बड़े काफिले और शक्ति प्रदर्शन को लेकर अब भाजपा नेताओं पर सवाल उठने लगे हैं।

 

पीएम मोदी की अपील फिर चर्चा में

इस पूरे मामले के बाद एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वह अपील चर्चा में आ गई, जिसमें उन्होंने देशवासियों से पेट्रोल और डीजल का संयम से इस्तेमाल करने की बात कही थी। पीएम मोदी कई बार पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत पर जोर दे चुके हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अब नेताओं पर भी जनता की नजर पहले से ज्यादा रहती है। सोशल मीडिया के दौर में छोटी-सी घटना भी तेजी से वायरल हो जाती है और जनता तुरंत प्रतिक्रिया देती है।
कुछ लोगों का कहना है कि यह कदम जनता को सकारात्मक संदेश देने के लिए उठाया गया, जबकि कुछ इसे विवाद शांत कराने की कोशिश मान रहे हैं।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।