सीएम डॉ. मोहन यादव पर लगे आरोपों को बीजेपी ने बताया निराधार, हेमंत खंडेलवाल बोले “कांग्रेस फैला रही है भ्रम”

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों को भारतीय जनता पार्टी ने सिरे से खारिज किया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस तथ्यों को तोड़-मरोड़कर भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रही है और मुख्यमंत्री तथा उनके परिवार का किसी भी अवैध भूमि सौदे से कोई

Jun 24, 2026 - 10:30
सीएम डॉ. मोहन यादव पर लगे आरोपों को बीजेपी ने बताया निराधार, हेमंत खंडेलवाल बोले “कांग्रेस फैला रही है भ्रम”

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों को भारतीय जनता पार्टी ने सिरे से खारिज किया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस तथ्यों को तोड़-मरोड़कर भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रही है और मुख्यमंत्री तथा उनके परिवार का किसी भी अवैध भूमि सौदे से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक षड्यंत्र के तहत एक लोकप्रिय मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रही है।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं और कांग्रेस उनकी बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर निराधार आरोप लगा रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2023 में दाखिल नामांकन पत्र में दर्ज 17 एकड़ भूमि का विवरण वर्ष 2026 में भी यथावत है। इसी प्रकार उनकी पत्नी सीमा यादव के नाम दर्ज 12.29 एकड़ भूमि में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है।

बीजेपी ने आरोपों को बताया तथ्यहीन

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के पुत्र वैभव यादव के नाम दर्ज 16 एकड़ भूमि में भी मुख्यमंत्री बनने के बाद कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यह भूमि मास्टर प्लान लागू होने से पहले की है। वहीं बहू शालिनी यादव द्वारा खरीदी गई 10 एकड़ कृषि भूमि मास्टर प्लान क्षेत्र से बाहर स्थित है। उन्होंने आरोपों में शामिल रिश्तेदारों के संदर्भ में भी कांग्रेस के दावों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार का उन लोगों के भूमि लेन-देन से कोई संबंध नहीं है। रिश्तेदारों का अपना स्वतंत्र अस्तित्व है और वे स्वयं इन आरोपों का जवाब देंगे तथा आवश्यक कार्रवाई भी करेंगे।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस के आरोपों में उल्लेखित सिद्धि विनायक कंपनी का जिक्र करते हुए कहा कि कंपनी के पास वर्ष 2023 में 68 एकड़ भूमि थी, जो जून 2026 तक घटकर 65 एकड़ रह गई है। खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि डॉ. मोहन यादव वर्ष 2017 में ही कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे चुके थे और उसके बाद कंपनी के संचालन से उनका कोई संबंध नहीं रहा।

पिछड़ा वर्ग नेतृत्व को निशाना बनाने का आरोप

हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर पिछड़े वर्ग के नेताओं के खिलाफ राजनीतिक षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब-जब प्रदेश में पिछड़े वर्ग से मुख्यमंत्री बने हैं, तब-तब कांग्रेस ने उन्हें कमजोर करने की कोशिश की है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, शिवराज सिंह चौहान और वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस पिछड़े वर्ग के नेतृत्व को स्वीकार नहीं कर पाती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकास कार्यों के आधार पर बीजेपी का मुकाबला नहीं कर पा रही है, इसलिए इस प्रकार के आरोप लगाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रदेश की जनता ऐसे राजनीतिक षड्यंत्रों को समझती है और उन्हें कभी स्वीकार नहीं करेगी।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।