राजा रघुवंशी के परिवार में गूंजी किलकारी, बड़े भाई के यहां बेटे का हुआ जन्म, नाम ‘राजा’ रखा, माँ बोलीं- ग्यारस पर आया वापस

इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या का मामला देशभर में चर्चा में रहा था। वहीं अब उसी परिवार में एक ऐसी खुशी लौटी है, जिसकी शायद ही किसी ने कल्पना की हो। दरअसल घर में गूंजी एक किलकारी ने कुछ देर के लिए गहरे गम को पीछे छोड़ दिया है। राजा रघुवंशी के

Mar 29, 2026 - 23:30
राजा रघुवंशी के परिवार में गूंजी किलकारी, बड़े भाई के यहां बेटे का हुआ जन्म, नाम ‘राजा’ रखा, माँ बोलीं- ग्यारस पर आया वापस

इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या का मामला देशभर में चर्चा में रहा था। वहीं अब उसी परिवार में एक ऐसी खुशी लौटी है, जिसकी शायद ही किसी ने कल्पना की हो। दरअसल घर में गूंजी एक किलकारी ने कुछ देर के लिए गहरे गम को पीछे छोड़ दिया है। राजा रघुवंशी के बड़े भाई सचिन रघुवंशी के घर बेटे का जन्म हुआ है, जिसे परिवार के लोग भावुक होकर कह रहे हैं कि, ‘हमारा राजा वापस लौट आया है’ और उसे ‘राजा’ नाम से ही पुकार रहे हैं।

दरअसल यह खुशखबरी परिवार के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि पिछले आठ-नौ महीनों से बेटे की हत्या के दुख में डूबा परिवार अब इस नई खुशी से मुस्कुराता नजर आया है। नवजात का जन्म रविवार को हुआ है, जिससे पूरे घर में फिर से रौनक लौट आई है।

ग्यारस का दिन, लगभग एक ही समय

दरअसल राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने इस जन्म से जुड़े कई खास संयोग बताए हैं। उन्होंने कहा है कि जिस दिन उनके भाई राजा रघुवंशी की हत्या हुई थी, उस दिन भी ग्यारस थी और अब इस बच्चे का जन्म भी ग्यारस के ही दिन हुआ है। इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, राजा की मृत्यु दोपहर 2:40 बजे हुई थी, जबकि आज जन्मा बच्चा भी दोपहर 2:42 बजे पैदा हुआ है। परिवार इस लगभग एक ही समय पर हुए जन्म को एक विशेष संयोग मान रहा है। उनका कहना है कि जिस समय राजा उनसे बिछड़ा था, लगभग उसी समय वह फिर से उनके बीच लौट आया है।

कामाख्या मंदिर के पुजारी ने की थी भविष्यवाणी

वहीं विपिन ने बताया है कि हत्या के बाद जब राजा की तेरहवीं हुई थी, तब कामाख्या मंदिर के पुजारी ने एक भविष्यवाणी की थी। पुजारी ने कहा था कि भाइयों में से किसी के घर राजा दोबारा जन्म लेगा। उनका तर्क था कि राजा की मृत्यु स्वाभाविक नहीं, बल्कि हत्या हुई है, इसलिए वह किसी न किसी रूप में वापस आ सकता है। विपिन रघुवंशी ने आगे बताया कि परिवार में कुल नौ भाई हैं, लेकिन यह सुख उनके भाई सचिन के घर ही आया है। वे मानते हैं कि पुजारी की बात सच साबित हुई है। उन्होंने कहा कि उनकी भाभी (सचिन की पत्नी) पहले भी राजा का बहुत ख्याल रखती थीं और उसे अपने बेटे की तरह ही मानती थीं। अब वही भाभी उसके बेटे के रूप में ‘राजा’ को जन्म देकर उसे फिर से परिवार के बीच ले आई हैं।

“मेरा बेटा फिर से हमारे बीच लौट आया है”: उमा रघुवंशी

दरअसल राजा की माँ उमा रघुवंशी ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उनके परिवार में फिर से खुशियां लौट आई हैं। उन्होंने बताया कि जिस दिन राजा उन्हें छोड़कर गया था, वह ग्यारस का दिन और दोपहर का समय था। आज भी ग्यारस है और दोपहर में ही यह बच्चा जन्मा है, जिसे वे अपने बेटे की वापसी मान रही हैं। उन्होंने इसे भोलेनाथ की कृपा बताते हुए कहा कि जो कुछ हुआ, वह भगवान की मर्जी से हुआ है। वहीं उमा रघुवंशी ने बताया कि उन्होंने बच्चे का नाम भी ‘राजा’ ही रखा है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि जब उसे ‘राजा’ कहकर पुकारते हैं, तो वह ऐसे देखता है जैसे पहले से पहचानता हो।