इंदौर नवकारसी विवाद राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचा, 50 लाख रुपये का मानहानि नोटिस जारी, जानिए क्या है पूरा मामला?
इंदौर में महावीर जन्म कल्याणक के दौरान नवकारसी आयोजन में उपजा विवाद अब स्थानीय दायरे से बाहर निकलकर राष्ट्रीय फलक पर पहुंच गया है, जहां 50 लाख रुपए के मानहानि नोटिस ने मामले को एक नया मोड़ दे दिया है। श्वेतांबर जैन समाज के भीतर उठा यह मुद्दा देशभर में चर्चा का विषय बन चुका
इंदौर में महावीर जन्म कल्याणक के दौरान नवकारसी आयोजन में उपजा विवाद अब स्थानीय दायरे से बाहर निकलकर राष्ट्रीय फलक पर पहुंच गया है, जहां 50 लाख रुपए के मानहानि नोटिस ने मामले को एक नया मोड़ दे दिया है। श्वेतांबर जैन समाज के भीतर उठा यह मुद्दा देशभर में चर्चा का विषय बन चुका है, जिस पर सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 22 हजार से अधिक प्रतिक्रियाएं सामने आ चुकी हैं। इन प्रतिक्रियाओं में बड़ी संख्या में समाजजनों ने संवाद और समन्वय के जरिए शीघ्र समाधान की मांग की है, लेकिन अब यह मामला कानूनी लड़ाई की दिशा में बढ़ता दिख रहा है।
वहीं यह विवाद अब केवल इंदौर या मध्यप्रदेश तक सीमित नहीं रह गया है। श्री नाकोड़ा जैन कॉन्फ्रेंस से जुड़े सदस्यों ने इसे सोशल मीडिया, मैसेजिंग समूहों और विभिन्न धार्मिक मंचों के माध्यम से देशभर में प्रसारित किया है। इसके चलते यह विषय अब राष्ट्रीय जैन समाज के व्यापक विमर्श का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है, जिस पर विभिन्न राज्यों के समाजजन अपनी राय व्यक्त कर रहे हैं।
भाईचारा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया
पिछले कुछ दिनों से लगातार आ रही प्रतिक्रियाओं में समाजजनों ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि धार्मिक आयोजनों से जुड़े ऐसे संवेदनशील विवादों को प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाने के बजाय, संवाद और सौहार्दपूर्ण बातचीत के जरिए सुलझाया जाना चाहिए। अधिकांश लोगों ने सामाजिक समरसता और भाईचारा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया है, ताकि समाज की एकता खंडित न हो।
विवाद की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा रहा है कि यह मुद्दा अब 80 से अधिक आचार्य-गच्छाधिपति परंपराओं और विभिन्न संप्रदायों तक पहुंच चुका है। समाज के भीतर यह प्रश्न उठने लगे हैं कि समन्वय और अहिंसा की अपनी परंपरा के लिए पहचाने जाने वाले जैन समाज में यह विवाद इतना लंबा क्यों खिंच रहा है। साथ ही, समाज के नेतृत्व, संवाद क्षमता और संगठनात्मक समन्वय पर भी गंभीर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
जानिए क्या है पूरा मामला?
पूरा मामला महावीर जन्म कल्याणक के दिन नवकारसी आयोजन के दौरान एक ट्रैक्टर खड़ा होने से उपजा था। बताया गया था कि यह घटना वाहन चालक की गलती के कारण हुई थी। इवेंट कंपनी के संचालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए श्री नाकोड़ा जैन कॉन्फ्रेंस से लिखित रूप में माफी भी मांगी थी, जिसके बाद यह माना जा रहा था कि मामला शांत हो जाएगा।
इसके बावजूद, घटना के करीब 29 दिन बाद आरोपों का उल्लेख करते हुए एक पत्र जारी किया गया, जिसे श्री नाकोड़ा जैन कॉन्फ्रेंस की ओर से दुर्भावनापूर्ण और पूर्वनियोजित बताया गया। इसी घटनाक्रम के बाद कॉन्फ्रेंस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षय जैन ने श्वेतांबर जैन महासंघ को 50 लाख रुपए का मानहानि नोटिस भेज दिया, जिससे विवाद और गहरा गया है।
अक्षय जैन का कहना है कि इस पूरे विवाद से समाज की गरिमा आहत हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्वेतांबर जैन महासंघ ने समन्वय और बातचीत का रास्ता अपनाने के बजाय हठधर्मिता अपनाई और संवाद के सभी द्वार बंद कर दिए। इसी के चलते उन्हें कानूनी रास्ता अपनाने पर विवश होना पड़ा, क्योंकि समाज की मर्यादा और सम्मान बनाए रखना आवश्यक है।