सागर जहरीली शराब मामला: उमंग सिंघार बोले-आखिर MP में अवैध शराब का कारोबार कब रुकेगा? उच्चस्तरीय जांच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग

भोपाल। सागर जिले में शराब पीने के बाद हुई मौतों को लेकर अब सियासत भी तेज हो गई है। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दावा किया है कि जहरीली और अवैध शराब से अब तक 11 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 25 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं। […]

Sep 6, 2026 - 11:30
सागर जहरीली शराब मामला: उमंग सिंघार बोले-आखिर MP में अवैध शराब का कारोबार कब रुकेगा? उच्चस्तरीय जांच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग

भोपाल। सागर जिले में शराब पीने के बाद हुई मौतों को लेकर अब सियासत भी तेज हो गई है। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दावा किया है कि जहरीली और अवैध शराब से अब तक 11 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 25 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने मौतों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताते हुए सरकार से तत्काल उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

सिंघार ने घटना को प्रशासनिक लापरवाही और अवैध शराब के कारोबार से जोड़ते हुए सवाल किया कि प्रदेश में यह कारोबार आखिर किसके संरक्षण में चल रहा है। उन्होंने उज्जैन में पहले सामने आए नकली शराब के मामले का भी जिक्र किया और कहा कि सागर की घटना के बाद सरकार को केवल कार्रवाई की बात करने के बजाय जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करनी चाहिए।

CM से उच्चस्तरीय जांच टीम सागर भेजने की मांग

उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से तत्काल उच्चस्तरीय जांच टीम सागर भेजने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच के जरिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हो, जिससे इस तरह की घटना दोबारा न हो।

सिंघार ने मृतकों के परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता और हर संभव मदद देने की मांग भी की। उन्होंने सवाल किया कि आखिर और कितनी जानें जाने के बाद सरकार इस तरह के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करेगी।

सरकार पहले ही दे चुकी है कड़ी कार्रवाई के निर्देश

सागर की घटना के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। डिप्टी CM जगदीश देवड़ा भी कह चुके हैं कि हादसे के पीछे जो भी जिम्मेदार होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र की छह शराब दुकानों को एहतियातन सील कर सैंपलिंग के निर्देश दिए हैं और वरिष्ठ अधिकारी नौराज तथा गूगरा खुर्द पहुंचकर स्थिति का जायजा ले चुके हैं। हालांकि, 11 मौत और 25 से ज्यादा लोगों के अस्पताल में भर्ती होने का आंकड़ा उमंग सिंघार का दावा है। प्रशासन की ओर से इन आंकड़ों की अलग से पुष्टि सामने आने के बाद ही वास्तविक संख्या स्पष्ट होगी।

 

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।