इंदौर में गर्भपात किट सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज, धार कोठी कार्रवाई के बाद लसूड़िया में छापा, हजारों पैक बरामद
इंदौर में गर्भपात में इस्तेमाल होने वाली दवाओं के बड़े स्टॉक का मामला सामने आने के बाद औषधि विभाग ने दूसरी बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में विभाग की टीम ने लसूड़िया मोरी स्थित मोदी ब्रदर्स एसोसिएट्स के गोदाम पर छापा मारकर हजारों गर्भपात किट जब्त कीं। जांच के दौरान […]
इंदौर में गर्भपात में इस्तेमाल होने वाली दवाओं के बड़े स्टॉक का मामला सामने आने के बाद औषधि विभाग ने दूसरी बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में विभाग की टीम ने लसूड़िया मोरी स्थित मोदी ब्रदर्स एसोसिएट्स के गोदाम पर छापा मारकर हजारों गर्भपात किट जब्त कीं। जांच के दौरान अधिकारियों को बड़ी मात्रा में ‘सेफ टी किट’ मिली जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। विभाग अब यह पता लगा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में दवाएं गोदाम तक कैसे पहुंचीं और इन्हें कहां भेजा जाना था।
जानकारी के मुताबिक गोदाम से 9,360 पैक बरामद हुए हैं। शुरुआती आकलन में इनकी बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान टीम ने स्टॉक रजिस्टर, खरीद-बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की भी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि रिकॉर्ड की पूरी पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
लसूड़िया गोदाम से मिले 9360 ‘सेफ टी किट’ पैक
दरअसल औषधि विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि लसूड़िया मोरी के एक गोदाम में बड़ी मात्रा में गर्भपात किट रखी गई हैं। सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और गोदाम की तलाशी ली। जांच में ‘सेफ टी किट’ के हजारों पैक मिलने के बाद अधिकारियों ने पूरा स्टॉक जब्त कर लिया। इसके साथ ही गोदाम में मौजूद दस्तावेजों की जांच भी शुरू कर दी गई। अधिकारियों के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में किट किस उद्देश्य से रखी गई थीं। जांच इस दिशा में भी चल रही है कि यह स्टॉक नियमित वितरण के लिए था या इसकी बिक्री में नियमों का उल्लंघन हुआ। विभाग संबंधित पक्ष से खरीद, भंडारण और सप्लाई से जुड़े सभी रिकॉर्ड मांग रहा है। अधिकारियों के मुताबिक दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद यह स्पष्ट होगा कि किट किन स्थानों पर भेजी जानी थीं और उनका पूरा वितरण रिकॉर्ड क्या है।
धार कोठी से जुड़ा हो सकता है मामला
वहीं लसूड़िया मोरी की कार्रवाई का सीधा संबंध इससे पहले धार कोठी इलाके में हुई कार्रवाई से जुड़ा बताया जा रहा है। कुछ दिन पहले धार कोठी स्थित गोदाम पर छापे के दौरान बड़ी संख्या में गर्भपात किट और अन्य दवाएं मिली थीं। उसी जांच में मिले इनपुट के आधार पर औषधि विभाग की टीम लसूड़िया मोरी स्थित मोदी ब्रदर्स एसोसिएट्स के गोदाम तक पहुंची। विभाग का कहना है कि दोनों मामलों के रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है। इससे यह पता लगाया जाएगा कि दोनों स्थानों के बीच सप्लाई का क्या संबंध था और दवाओं का स्टॉक कहां से आया था। जांच के दौरान जब्त सामग्री के दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।