भोपाल से हर दिन औसतन दो नाबालिग लड़कियां लापता, उमंग सिंघार बोले “बेटियों की सुरक्षा और भविष्य की रक्षा में विफल बीजेपी सरकार”

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से नाबालिग लड़कियों के लगातार लापता होने के मुद्दे पर उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राजधानी में हर दिन औसतन दो नाबालिग बेटियां लापता हो रही हैं जो प्रदेश की कानून-व्यवस्था और बेटियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस नेता

Jun 18, 2026 - 11:30
भोपाल से हर दिन औसतन दो नाबालिग लड़कियां लापता, उमंग सिंघार बोले “बेटियों की सुरक्षा और भविष्य की रक्षा में विफल बीजेपी सरकार”

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से नाबालिग लड़कियों के लगातार लापता होने के मुद्दे पर उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राजधानी में हर दिन औसतन दो नाबालिग बेटियां लापता हो रही हैं जो प्रदेश की कानून-व्यवस्था और बेटियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि आंकड़ों के अनुसार पिछले तीन वर्षों में भोपाल से 1968 नाबालिग बेटियां लापता हुई हैं। इस साल की बात करें तो 16 जून तक ही इस तरह के 316 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति बेहद चिंताजनक है और सरकार को इस पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।

उमंग सिंघार ने नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरा

भोपाल में नाबालिग बालिकाओं के लापता होने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। उमंग सिंघार ने इसे गंभीर सामाजिक संकट बताते हुए भाजपा सरकार पर नाकामी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में मानव तस्करी, जबरन श्रम और शोषण की आशंका भी सामने आई हैं। ऐसे में इन घटनाओं को सिर्फ सामान्य गुमशुदगी या अपहरण के मामलों के रूप में नहीं देखा जा सकता। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के युवाओं..विशेषकर बेटियों की सुरक्षा और भविष्य से जुड़ा एक बड़ा सामाजिक संकट बनता जा रहा है।

बीजेपी पर लगाए आरोप

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को संबोधित करते हुए कहा है कि जब प्रदेश की राजधानी भोपाल की बेटियां ही सुरक्षित नहीं हैं तो पूरे मध्यप्रदेश की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात चिंताजनक बने हुए हैं। उमंग सिंघार ने कहा है कि “बेटी बचाओ” का नारा अब सिर्फ प्रचार तक सीमित होकर रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनके भविष्य की रक्षा करने में विफल साबित हुई है। कांग्रेस लगातार महिला सुरक्षा के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरती आई है और अब नाबालिग बच्चियों के लापता होने के मुद्दे पर उसने एक बार फिर बीजेपी को निशाने पर लिया है।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।