सीएम मोहन यादव आज अहमदाबाद में उद्योगपतियों-निवेशकों से करेंगे संवाद, MP में निवेश की संभावनाओं पर होगा मंथन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज, बुधवार को गुजरात जाएंगे। यहां वे अहमदाबाद के ताज स्काईलाइन में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं को लेकर देश के प्रमुख औद्योगिक समूहों के साथ संवाद करेंगे। साथ ही अहमदाबाद में मेगा निवेश रोड शो में गुजरात के उद्योग जगत को मध्यप्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों, अनुकूल औद्योगिक नीतियों और
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज, बुधवार को गुजरात जाएंगे। यहां वे अहमदाबाद के ताज स्काईलाइन में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं को लेकर देश के प्रमुख औद्योगिक समूहों के साथ संवाद करेंगे। साथ ही अहमदाबाद में मेगा निवेश रोड शो में गुजरात के उद्योग जगत को मध्यप्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों, अनुकूल औद्योगिक नीतियों और निवेशक सुविधाओं से अवगत कराएंगे।
इस निवेश संवाद में गुजरात के प्रमुख उद्योग समूहों और निवेशकों को मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता, अनुकूल निवेश वातावरण और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी दी जाएगी। अहमदाबाद रोड शो का उद्देश्य गुजरात के उद्योग जगत के साथ मध्यप्रदेश के निवेश संबंधों को और मजबूत करते हुए प्रदेश में नए निवेश प्रस्तावों को गति देना है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए गुजरात के उद्योग जगत को आमंत्रित भी करेंगे
MP में निवेश की संभावनाओं पर मंथन
- मुख्यमंत्री डॉ. यादव अहमदाबाद में प्रमुख औद्योगिक समूहों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे।
- वे उद्योगपतियों के साथ मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं, उद्योग की स्थापना के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा निवेशकों के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे सहयोग पर रूबरू चर्चा करेंगे।
- इन बैठकों में निवेशकों की आवश्यकताओं और उनके प्रस्तावित निवेश को प्रदेश में धरातल पर उतारने की संभावनाओं पर विशेष रूप से चर्चा होगी।
- निवेश संवाद में मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों पर प्रेजेंटेशन दिया जाएगा। इसमें प्रदेश की औद्योगिक अधोसंरचना, निवेश के लिए उपलब्ध भूमि, नीतिगत प्रोत्साहन, तकनीकी एवं कौशल आधारित औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र और विभिन्न क्षेत्रों में विकसित हो रहे निवेश अवसरों की जानकारी उद्योग जगत के समक्ष रखी जाएगी।
- निवेशकों की सुविधा के लिए विकसित की गई सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम, प्लग एंड प्ले अधोसंरचना तथा निवेश परियोजनाओं के लिए अनुकूल नीतिगत वातावरण को भी प्रमुखता से रेखांकित किया जाएगा। प्रदेश में विनिर्माण, नवकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकंडक्टर, आईटी और प्रौद्योगिकी, वस्त्र, ऑटोमोबाइल, फार्मास्यूटिकल्स, लॉजिस्टिक्स सहित उभरते क्षेत्रों में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं।
गुजरात के प्रमुख उद्योग समूहों से वन-टू-वन चर्चा,
- मुख्यमंत्री अरविंद लिमिटेड, टोरेंट पॉवर तथा अडानी ग्रुप के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे। इन बैठकों में वस्त्र, ऊर्जा, अधोसंरचना, विनिर्माण और औद्योगिक विस्तार के क्षेत्र में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श होगा।
- हरी कृष्णा एक्सपोर्ट के चेयरमैन ढोलकिया, चिरिपाल समूह के चेयरमैन बृजमोहन चिरिपाल और अग्रवाल ग्रुप के चेयरमैन चिमन भाई शाह के साथ भी व्यक्तिगत बैठकें करेंगे। संभावित निवेश परियोजनाओं, औद्योगिक विस्तार, भूमि उपलब्धता तथा निवेशकों को उपलब्ध सुविधाओं और सहयोग पर चर्चा होगी।
- अपर मुख्य सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन नीरज मंडलोई मध्यप्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य, मजबूत अधोसंरचना, निवेशक-अनुकूल नीतियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश अवसरों पर विस्तृत प्रस्तुति देंगे।
- प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एम. सेल्वेन्द्रन प्रदेश के टेक इकोसिस्टम, नवाचार, अनुसंधान एवं विकास, स्टार्टअप्स एवं उच्च प्रौद्योगिकी आधारित निवेश की संभावनाओं पर प्रकाश डालेंगे।
स्पेसटेक विजन फोरम- मध्यप्रदेश का आयोजन
- कार्यक्रम में स्पेसटेक विजन फोरम- मध्यप्रदेश का आयोजन किया जाएगा जिसमें 25 से अधिक प्रमुख स्पेस टेक कंपनियों, स्टार्ट अप्स, निवेशकों, इको सिस्टम से जुड़े प्रतिनिधियों एवं उद्योग विशेषज्ञ शामिल होंगे।
- कार्यक्रम में मध्यप्रदेश की स्पेस टेक पॉलिसी-2026 और प्रस्तावित स्पेस टेक क्लस्टर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।
- राज्य में स्पेस टेक क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक अधोसंरचना, नीतिगत सहयोग, कौशल विकास, परीक्षण सुविधाओं, नवाचार इको सिस्टम और निवेश के अवसरों पर उद्योग जगत के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।