ग्वालियर में विद्यार्थियों के जीवन से खिलवाड़, कोचिंगों में मिले एक्सपायरी डेट वाले और खाली अग्निशामक यंत्र, पांच संस्थान सील

उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज में स्थित कोचिंग संस्थान में हुए अग्निकांड के बाद मध्य प्रदेश में फायर सेफ्टी सिस्टम को लेकर निर्देश जारी हुए हैं खासकर कोचिंग संस्थानों की जाँच की जा रही है इसी क्रम में ग्वालियर नगर निगम की टीम जब कोचिंग सेंटर्स पर पहुंची तो वहां बड़ी लापरवाही उजागर हुई

Jun 23, 2026 - 22:30
ग्वालियर में विद्यार्थियों के जीवन से खिलवाड़, कोचिंगों में मिले एक्सपायरी डेट वाले और खाली अग्निशामक यंत्र, पांच संस्थान सील

उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज में स्थित कोचिंग संस्थान में हुए अग्निकांड के बाद मध्य प्रदेश में फायर सेफ्टी सिस्टम को लेकर निर्देश जारी हुए हैं खासकर कोचिंग संस्थानों की जाँच की जा रही है इसी क्रम में ग्वालियर नगर निगम की टीम जब कोचिंग सेंटर्स पर पहुंची तो वहां बड़ी लापरवाही उजागर हुई , संस्थानों में खाली और एक्सपायरी डेट के अग्निशामक यंत्र मिले इसके अलावा और भी कई कमियां मिलीं , जिसके बाद पांच संस्थानों को सील कर दिया गया।

ग्वालियर नगर निगम के फायर सेफ्टी विभाग के अधिकारी मंगलवार शाम निगम कमिश्नर संघ प्रिय के निर्देश पर महारानी लक्ष्मीबाई कॉलोनी पहुंचे यहाँ छोटी बड़ी मिलाकर करीब एक सैकड़ा कोचिंग संस्थान और लाइब्रेरी हैं सुबह से लेकर शाम तक हजारों की संख्या में विद्यार्थी यहाँ पढ़ने आते हैं।

एक्सपायरी डेट वाले अग्मिशामक यंत्र से सुरक्षा 

टीम ने कई संस्थानों का औचक निरीक्षण किया और फिर वहां उन्हें जो मिला तो वे चौंक गए, नगर निगम की टीम को कोचिंगों में एक्सपायरी डेट के अग्मिशामक यंत्र मिले, इनकी एक्सपायरी डेट 2025 में थी इतना ही नहीं कोचिंगों में खाली अग्निशामक यंत्र भी रखे मिले यानि दिखाने के लिए आग से सुरक्षा के इंतजाम हैं लेकिन हकीकत में सब धोखा है।

लगाया ताला, दूसरी कोचिंग से भगाने की कोशिश 

नगर निगम की टीम की छापे की भनक लगते ही वरदानी कोचिंग क्लासेस ने मुख्य गेट पर ताले लगा दिए और अन्दर ही अन्दर दूसरी कोचिंग के रास्ते चौथी मंजिल से स्टूडेंट्स को बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन निगम की टीम ने विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाला और संस्थान मालिक को कड़ी फटकार लगाई। कुछ कोचिंग संस्थानों ने चुपचाप एजेंसी को बुलाकर एक्सपायरी डेट वाले अग्निशामक यंत्र हटा दिए।

नगर निगम ने पांच संस्थान सील किये  

निगम की टीम ने आग से सुरक्षा में कमी को देखते हुए एस.सी.आई. कृषि संस्थान, वरदानी कोचिंग क्लासेस, विज्ञान पथ कोचिंग क्लासेस, धाकड़ लाइब्रेरी एवं डी.बी. फिटनेस जिम को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया और उन्हें सील कर दिया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि विद्यार्थियों की जान से खिलवाड़ करने वालों को कोई रियायत नहीं दी जाएगी ।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।