म्यांमार के राष्ट्रपति आज ग्रेटर नोएडा में, पूरे दिन ये सड़कें रहेंगी बंद! एनसीआर वालों खबर पढ़कर घर से निकलो
नोएडा में म्यांमार राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग के दौरे को देखते हुए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों पर रोक रहेगी और कई मार्गों पर डायवर्जन किया गया है।
New Delhi: रविवार को म्यांमार के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग का काफिला नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से होकर ग्रेटर नोएडा पहुंचेगा। अतिविशिष्ट अतिथि के दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। इसी के तहत ट्रैफिक व्यवस्था में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। जिससे वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
सुबह 7 बजे से रात 10 बजे सड़कें प्रभावित
डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र ने बताया कि सुरक्षा कारणों से रविवार सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक मालवाहक वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा कई प्रमुख मार्गों पर जरूरत के अनुसार अस्थायी डायवर्जन लागू किया जाएगा।
इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा असर
यातायात पुलिस के अनुसार चिल्ला बॉर्डर, डीएनडी, फिल्म सिटी, महामाया फ्लाईओवर, जीरो पॉइंट, परी चौक, अल्फा कमर्शियल गोलचक्कर, जगत फार्म गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, मोजर बेयर गोलचक्कर, दुर्गा टॉकीज गोलचक्कर, सूरजपुर चौक, यामाहा तिराहा और कच्ची सड़क तिराहा जैसे प्रमुख स्थानों पर दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे के बीच अल्प समय के लिए यातायात रोका या डायवर्ट किया जा सकता है।
यह रहेगा डायवर्जन प्लान
यातायात विभाग द्वारा जारी योजना के अनुसार निम्न मार्गों पर विशेष व्यवस्था लागू रहेगी
1. नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के दोनों ओर यातायात नियंत्रण।
2. परी चौक से सूरजपुर चौक तक सूरजपुर-कासना मार्ग पर डायवर्जन।
3. तिगरी गोलचक्कर (एनएच-24/9) से सूरजपुर चौक तक ताज एक्सप्रेसवे मार्ग पर यातायात नियंत्रण।
4. फेस-2 से सूरजपुर चौक तक डीएससी रोड पर आवश्यकतानुसार डायवर्जन।
वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाएं और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। इससे अनावश्यक जाम और परेशानी से बचा जा सकेगा। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को बिना किसी बाधा के सुरक्षित निकाला जाएगा। किसी भी यातायात संबंधी समस्या या जानकारी के लिए नागरिक ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं।