Nepal Flood: 1036 शव बरामद, 911 की पहचान नहीं! भोटेकोशी नदी की बाढ़ के बाद नेपाल में महाविनाश का खौफनाक सच
नेपाल की भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी जलप्रलय के बाद अब तक 1036 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें से 911 की शिनाख्त बाकी है। हजारों लोग अब भी लापता हैं।
New Delhi: नेपाल की भोटे कोशी नदी में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा के बाद अब तक 1,036 शव बरामद किए गए हैं; इनमें से 911 की पहचान नहीं हो पाई है। प्रशासन के अनुसार, बरामद शवों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। वहीं, बड़ी संख्या में लोगों के अभी भी लापता होने की खबर है।
बरामद 1,036 शवों में से 427 के केवल शरीर के अंग मिले
जिला प्रशासन के अनुसार, बरामद शवों में 31 लड़के, 45 लड़कियां, 226 महिलाएं और 307 पुरुष शामिल हैं। इसके अलावा 427 मामले ऐसे हैं जिनमें केवल शरीर के अंग मिले हैं। पहचान के बाद अब तक केवल 95 शव ही उनके परिवारों को सौंपे गए हैं।
DNA सैंपल सुरक्षित रखते हुए अंतिम संस्कार
बिना पहचान वाले शवों की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। शवों के खराब हालत में होने के कारण प्रशासन अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के साथ-साथ DNA सैंपल भी सुरक्षित रख रहा है।
4,200 से ज्यादा लोग अभी भी लापता
बाढ़ के बाद हजारों लोगों का कोई पता नहीं चल पाया है। कुछ दिन पहले तक लापता लोगों की संख्या 4,200 से ज्यादा दर्ज की गई थी। नेपाल पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के 20,000 से ज्यादा जवान राहत और बचाव कार्यों में लगे हुए हैं।
सड़कों, पुलों और पनबिजली परियोजनाओं को भारी नुकसान
भोटे कोशी बाढ़ ने कई इलाकों में बुनियादी ढांचे को तबाह कर दिया है। कई सड़कें, पुल और पनबिजली परियोजनाएं क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे राहत कार्यों में बाधा आ रही है।
चार दिन बाद लौटे दो बच्चों ने अपना घर तबाह पाया
नेपाल के देवीघाट में बाढ़ के दौरान दो बच्चे स्कूल गए थे, लेकिन पुल गिरने और संचार नेटवर्क ठप होने के कारण उनका अपने परिवारों से संपर्क टूट गया। जब सेना की मदद से बच्चे चार दिन बाद घर लौटे तो उन्होंने अपना घर पूरी तरह तबाह पाया। बच्चों को देखकर उनकी मां और बहन ने उन्हें गले लगा लिया। घर खोने का दुख बच्चों की वापसी की खुशी के आगे कुछ समय के लिए दब गया। देवीघाट की रहने वाली अनीता सानी ने बताया कि दोनों बच्चे नदी के दूसरी ओर स्कूल गए थे।
यह भी पढ़ें – भीषण तबाही के बीच भारत बना नेपाल का सहारा, भेजी 5वीं मदद; बचाव दल और दवाएं रवाना
भारतीय टीम भी राहत कार्यों में जुटी
भारत से 19 सदस्यों वाली एक खास फोरेंसिक टीम नेपाल पहुंच गई है और उसने अपना काम शुरू कर दिया है। इसके अलावा एक टनल रेस्क्यू टीम भी खोज और राहत कार्यों में हिस्सा ले रही है।
नुवाकोट जिले के बिदुर नगरपालिका इलाके में मलबे के नीचे दबे एक घर के अंदर 24 शव मिलने से बचावकर्मी हैरान रह गए। पुलिस के मुताबिक, यह इमारत होटल या गेस्टहाउस जैसी लग रही है, इसके मालिक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। इलाके में मलबे के नीचे अब भी फंसे लोगों की तलाश जारी है।