तेजस्विन शंकर-दिव्या देशमुख समेत 17 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड, खेल रत्न के लिए कोई चयन नहीं
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की घोषणा कर दी गई है। इस बार देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार 2025 के लिए किसी भी खिलाड़ी का चयन नहीं किया गया है।
New Delhi: राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की घोषणा कर दी गई है। इस बार देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार 2025 के लिए किसी भी खिलाड़ी का चयन नहीं किया गया है। वहीं, खेल मंत्रालय ने 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार देने का फैसला किया है।
इसके अलावा एक खिलाड़ी को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) और तीन कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चुना गया है।
खेल मंत्रालय ने जारी की पुरस्कार सूची
खेल मंत्रालय ने मंगलवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों का ऐलान किया। यह फैसला पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है।
समिति ने खिलाड़ियों, कोचों और खेल संस्थाओं के प्रदर्शन और योगदान का मूल्यांकन करने के बाद पुरस्कारों के लिए नामों की सिफारिश की थी।
अर्जुन पुरस्कार 2025 के लिए चुने गए खिलाड़ी
अर्जुन पुरस्कार 2025 के लिए चुने गए 17 खिलाड़ियों में कई प्रमुख नाम शामिल हैं—
- तेजस्विन शंकर – एथलेटिक्स
- मुहम्मद अजमल वी – एथलेटिक्स
- प्रियंका गोस्वामी – एथलेटिक्स
- त्रिशा जॉली – बैडमिंटन
- पुलेला गायत्री गोपीचंद – बैडमिंटन
- नरेंद्र – बॉक्सिंग
- विदित गुजराती – शतरंज
- दिव्या देशमुख – शतरंज
- धनुष श्रीकांत – बधिर शूटिंग
- लालरेमसियामी – हॉकी
- राजकुमार पाल – हॉकी
- सुरजीत – कबड्डी
- पूजा – कबड्डी
- रुद्रांश खंडेलवाल – पैरा शूटिंग
- एकता भ्यान – पैरा एथलेटिक्स
- अरविंद सिंह – रोइंग
- अखिल श्योरण – शूटिंग
अर्जुन पुरस्कार उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने पिछले चार वर्षों में खेल के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन के साथ नेतृत्व क्षमता, खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया हो।
अर्जुन पुरस्कार लाइफटाइम के लिए आई अरुमनायगम का चयन
अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) 2025 के लिए फुटबॉल खिलाड़ी आई अरुमनायगम को चुना गया है।
यह सम्मान उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने खेल में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो और संन्यास के बाद भी खेल को बढ़ावा देने के लिए जुड़े रहे हों।
द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए तीन कोच चुने गए
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 में तीन कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए भी चुना गया है। यह सम्मान खेल प्रतिभाओं को तैयार करने और खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में योगदान देने वाले प्रशिक्षकों को दिया जाता है।