Gwalior News : आम रास्ता बंद करने से भड़की कांग्रेस, रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थानीय लोगों के साथ धरने पर बैठे नेता

ग्वालियर में फूलबाग रेलवे क्रॉसिंग के पास आज कांग्रेस के नेता धरने पर बैठ गए उनका कहना था कि शासन प्रशासन यहाँ आम रास्ते को बंद कर रहा है लेकिन रेलवे ठेकेदार और सरकार की मनमानी नहीं चलने देंगे, कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस क्षेत्र में 800 से ज्यादा घर हैं यदि रास्ता बंद […]

Oct 2, 2026 - 14:30
Gwalior News : आम रास्ता बंद करने से भड़की कांग्रेस, रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थानीय लोगों के साथ धरने पर बैठे नेता

ग्वालियर में फूलबाग रेलवे क्रॉसिंग के पास आज कांग्रेस के नेता धरने पर बैठ गए उनका कहना था कि शासन प्रशासन यहाँ आम रास्ते को बंद कर रहा है लेकिन रेलवे ठेकेदार और सरकार की मनमानी नहीं चलने देंगे, कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस क्षेत्र में 800 से ज्यादा घर हैं यदि रास्ता बंद हो गया तो ये लोग कहां जाएँगे।

कभी ग्वालियर के लोगों के लिए छुक छुक गाड़ी यानि नैरो गेज ट्रेन यातायात का बड़ा साधन थी, शहर में बने रेलवे स्टेशनों के अलावा ये छोटी लाइन आसपास के जिलों में भी सवारियों को लेकर जाती थी, कुछ साल पहले तक इसका नियमित संचालन होता था, फिर धीरे धीरे इसके फेरे कम किये अब इसे बेपटरी कर दिया है लेकिन इसकी पटरी के आसपास की बस्तियां अभी भी बरक़रार हैं।

नैरोगेज का संचालन बंद होने के बाद से इसकी पटरियों के आसपास बस्तियों की संख्या बढ़ गई, अब रेलवे इन पटरियों को उखाड़ रहा है और अपने अधिकार क्षेत्र की जमीन का उपयोग अपने हिसाब से करने की प्लानिंग कर रहा है जिसमें आम रास्ता  बंद किये जाने के आरोप लग रहे हैं जिसका विरोध आज कांग्रेस ने किया।

कांग्रेस की चेतावनी आम रास्ता बंद नहीं होने देंगे 

कांग्रेस नेता सुनील शर्मा एक शिकायत पर फूलबाग रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ धरने पर बैठ गए, उनका कहना था कि इस क्रॉसिंग के आसपास चुन्नीपुरा, रवि नगर, न्यू चंद नगर, जगमाया काम्प्लेक्स, कुशवाह मोहल्ला सहित कई बस्तियां हैं जहाँ 800 से 1000 के बीच घर हैं जिनके लिए ये आम रास्ता है जिसे बंद किया जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने जताई ये चिंता 

सुनील शर्मा ने कहा यदि आम रास्ता बंद होता है तो बच्चे स्कूल कहाँ से जायेंगे, लोग ऑफिस कहां से जायेंगे, मजदूर कहाँ से रोजी रोटी कमाने जायेगा, एम्बुलेंस कैसे पहुंचेगी, उन्होंने कहा ये जनता के साथ खिलवाड़ है, जिसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी, सुनील शर्मा ने कहा जमीन किसी की भी हो जो आम रास्ता बरसों से था उसे बंद नहीं होने देंगे।

दो दिन बाद निरीक्षण पर आएंगे रेलवे अधिकारी 

धरने की सूचना पर पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, उन्होंने कहा कि रेलवे अपनी पुरानी रेलवे लाइन को ठेकेदार के माध्यम से हटा रहा है, पटरी उखाड़ने वाले ठेकेदार ने बताया कि रेलवे यहाँ दुकाने बनाने की प्लानिंग कर रहा है , स्थानीय लोगों का कहना है कि ये उनका आम रास्ता है जिसे बंद किया जा रहा है । उन्होंने कहा कि दो दिन बाद रेलवे के अधिकारी यहाँ निरीक्षण करने आयेंगे तब मालूम चलेगा वास्तविक स्थिति क्या है, कांग्रेस नेताओं से कहा गया है कि वे रेलवे के अधिकारियों से बात करें।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।