डबरा रेलवे स्टेशन से 22 साल से फरार 5 हजार रुपये का इनामी वारंटी गिरफ्तार, नकली नोट के मामले में था फरार
डबरा नकली नोट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी स्थायी वारंटी को डबरा सिटी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी करीब 22 साल से फरार था। उसे डबरा रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, ग्वालियर जिले में फरार और इनामी वारंटियों
डबरा नकली नोट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी स्थायी वारंटी को डबरा सिटी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी करीब 22 साल से फरार था। उसे डबरा रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, ग्वालियर जिले में फरार और इनामी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 19 अगस्त को डबरा सिटी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नकली नोट के मामले में फरार अरविंद जाट डबरा रेलवे स्टेशन पर मौजूद है।
मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन पहुंची पुलिस
सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई। इसके बाद एसडीओपी डबरा सौरभ कुमार के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी संजय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने अपना नाम अरविंद पिता स्वर्गीय बहादुर सिंह जाट, निवासी ग्राम चुरली, थाना पिछोर, जिला ग्वालियर बताया।
2004 में पकड़ा गया था आरोपी
पुलिस के अनुसार, अरविंद वर्ष 2004 में नकली नोट के मामले में पकड़ा गया था। करीब एक साल जेल में रहने के बाद वह फरार हो गया था। इसके बाद वह फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ क्षेत्र में रहने लगा और लंबे समय तक न्यायालय में पेश नहीं हुआ।
आरोपी के खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट जारी किया गया था। वहीं वर्ष 2013 में पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। अब डबरा सिटी थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई ग्वालियर पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देशन में की गई।