ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर दौड़ी स्कॉर्पियो, यात्रियों में मची अफरा-तफरी, केस दर्ज
ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यात्रियों से भरे प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक स्कॉर्पियो अचानक दौड़ती हुई दिखाई दी। रेलवे स्टेशन का प्लेटफॉर्म यात्रियों के लिए सुरक्षित क्षेत्र माना जाता है, लेकिन वहां वाहन के पहुंचने से लोग घबरा गए। घटना के सामने आने के बाद रेलवे पुलिस प्रशासन ने तुरंत
ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यात्रियों से भरे प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक स्कॉर्पियो अचानक दौड़ती हुई दिखाई दी। रेलवे स्टेशन का प्लेटफॉर्म यात्रियों के लिए सुरक्षित क्षेत्र माना जाता है, लेकिन वहां वाहन के पहुंचने से लोग घबरा गए।
घटना के सामने आने के बाद रेलवे पुलिस प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। रेलवे ने इस मामले को गंभीर मानते हुए अज्ञात चालक के खिलाफ रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
प्लेटफॉर्म नंबर-1 तक कैसे पहुंच गई स्कॉर्पियो?
जानकारी के अनुसार मंगलवार को ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर आरपीएफ के जवान ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो (वाहन क्रमांक 25 BH 1420 R) प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करती हुई दिखाई दी।
चालक वाहन लेकर फरार
आरपीएफ के जवानों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद वह रेलवे स्टेशन परिसर से बाहर निकल गया। हालांकि वाहन की तस्वीर और नंबर कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। वहीं प्लेटफॉर्म पर मौजूद कुछ लोगों ने भी इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
रेलवे अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला
घटना के बाद रेलवे पुलिस प्रशासन के निर्देश पर ग्वालियर पोस्ट में अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रेलवे अधिनियम की धारा 153, 159 और 147 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
इन धाराओं के तहत रेलवे परिसर में सुरक्षा को खतरे में डालने, प्रतिबंधित क्षेत्र में अनधिकृत प्रवेश और रेलवे व्यवस्था में बाधा पहुंचाने जैसे मामलों में कार्रवाई की जाती है। मामले की जांच उपनिरीक्षक अवतार सिंह धाकड़ को सौंपी गई है।