इंदौर: मारपीट के बाद समझौते के लिए बुलाया, मौके पर की हवाई फायरिंग, पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा
इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में मारपीट के विवाद के बाद समझौते के लिए बुलाए गए युवकों के सामने पिस्तौल से हवाई फायरिंग करने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया और मौके से वारदात में इस्तेमाल थार गाड़ी तथा पिस्तौल जब्त […]
इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में मारपीट के विवाद के बाद समझौते के लिए बुलाए गए युवकों के सामने पिस्तौल से हवाई फायरिंग करने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया और मौके से वारदात में इस्तेमाल थार गाड़ी तथा पिस्तौल जब्त कर ली।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि मामला चंदन नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक समीर नामक युवक ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि शाम करीब चार बजे उसके और सोहेल के साथ दानिश पठान, मोनू पठान, उसके भाई और एक अन्य व्यक्ति ने मारपीट की थी।
इसके बाद आरोपियों ने विवाद सुलझाने और समझौता करने के लिए शाम करीब छह बजे ग्रीन पार्क के सामने बुलाया। आरोप है कि जब समीर और सोहेल वहां पहुंचे, तो दानिश पठान, मोनू पठान समेत चार लोग थार गाड़ी से मौके पर पहुंच गये। उनके पास पिस्तौल थी और समझौते की बातचीत के दौरान पिस्तौल निकालकर हवाई फायर कर दिया गया।
गनीमत रही कि हवाई फायरिंग की इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। चंदन नगर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर चारों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल थार गाड़ी और पिस्तौल भी जब्त कर ली है, मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट