T20 World Cup: कौन हैं प्रेमा रावत? जिनको मिला महिला टी20 विश्व कप 2026 का टिकट
श्रेयंका पटिल के चोटिल होकर बाहर होने के बाद 24 वर्षीय लेग स्पिनर प्रेमा रावत को भारतीय महिला टी20 विश्व कप टीम में शामिल किया गया है। जानिए उनका क्रिकेट सफर और चयनकर्ताओं ने उन पर क्यों जताया भरोसा। पढ़े पूरी खबर
New Delhi: महिला टी20 विश्व कप 2026 के बीच भारतीय टीम को बड़ा झटका तब लगा जब ऑफ स्पिन ऑलराउंडर श्रेयंका पटिल चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। हालांकि टीम प्रबंधन ने तुरंत विकल्प तलाशते हुए 24 वर्षीय लेग स्पिनर प्रेमा रावत (Prema Rawat) को भारतीय टीम में शामिल कर लिया। यह पहली बार है जब प्रेमा को सीनियर राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। विश्व कप जैसे बड़े मंच पर चयनकर्ताओं का उन पर भरोसा जताना उनकी लगातार मेहनत और शानदार प्रदर्शन का परिणाम माना जा रहा है।
प्रेमा रावत पिछले कुछ समय से घरेलू क्रिकेट और इंडिया-ए टीम के लिए लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन कर रही थीं। हाल ही में वह इंग्लैंड दौरे पर गई इंडिया-ए टीम का भी हिस्सा थीं। उनकी गेंदबाजी में विविधता, विकेट लेने की क्षमता और दबाव में प्रदर्शन करने की योग्यता ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
एशिया कप में चमका था प्रदर्शन
प्रेमा ने हाल ही में आयोजित राइजिंग स्टार्स महिला एशिया कप में शानदार गेंदबाजी करते हुए भारत-ए के लिए आठ विकेट हासिल किए थे। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने बेहद किफायती गेंदबाजी की और भारत-ए को खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी प्रदर्शन के बाद उन्हें भविष्य की राष्ट्रीय खिलाड़ी के रूप में देखा जाने लगा।
WPL में भी दिखा चुकी हैं प्रतिभा
प्रेमा पिछले दो सीजन से Royal Challengers Bengaluru का हिस्सा रही हैं। हालांकि उन्हें सीमित अवसर मिले, लेकिन टीम प्रबंधन उनकी लेग स्पिन और मैच को बदलने की क्षमता से प्रभावित रहा। बड़े खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने से उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी का अनुभव भी मिला।
श्रेयंका पटिल की चोट से बदली तस्वीर
नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले में श्रेयांका पाटिल (Shreyanka Patil) फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गईं। मेडिकल जांच में लिगामेंट इंजरी की पुष्टि होने के बाद उन्हें पूरे टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। इसके बाद चयनकर्ताओं ने प्रेमा रावत को टीम में शामिल करने का फैसला किया।
टीम इंडिया के लिए बड़ा अवसर
प्रेमा रावत के लिए यह सिर्फ डेब्यू का मौका नहीं बल्कि विश्व क्रिकेट के सबसे बड़े मंचों में से एक पर अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर है। भारतीय टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि उनकी लेग स्पिन विपक्षी बल्लेबाजों के लिए चुनौती साबित होगी और टीम के अभियान को मजबूती मिलेगी।
महिला टी20 विश्व कप के लिए भारत की टीम
कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) के नेतृत्व वाली भारतीय टीम में (Smriti Mandhana),शेफाली वर्मा (Shafali Verma),जेमिमा रोड्रिग्स (Jemimah Rodrigues), दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma), ऋचा घोष (Richa Ghosh), राधा यादव, रेणुका ठाकुर, अरुंधति रेड्डी समेत अब प्रेमा रावत भी शामिल हैं।