“बयान को लेकर गलतफहमी पैदा हुई..” राहुल गांधी ने हाईकोर्ट में जताया खेद, शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय से जुड़ा है मामला
जबलपुर हाईकोर्ट में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा दायर एक याचिका पर सुनवाई पूरी हो गई है, जिसके बाद उनके और शिवराज सिंह चौहान के पुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान के बीच चल रहा मानहानि का मामला एक बार फिर समझौते पर आकर खत्म होता नजर आ रहा है। दरअसल, राहुल गांधी ने कार्तिकेय
जबलपुर हाईकोर्ट में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा दायर एक याचिका पर सुनवाई पूरी हो गई है, जिसके बाद उनके और शिवराज सिंह चौहान के पुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान के बीच चल रहा मानहानि का मामला एक बार फिर समझौते पर आकर खत्म होता नजर आ रहा है। दरअसल, राहुल गांधी ने कार्तिकेय चौहान पर लगाए गए गंभीर आरोपों को लेकर हाईकोर्ट में लिखित में आवेदन पेश कर खेद व्यक्त किया है। इसी आवेदन के बाद हाईकोर्ट ने कार्तिकेय चौहान से लिखित में प्रतिक्रिया मांगी थी। जबलपुर से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में सुनवाई पूरी कर हाईकोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।
दरअसल, यह पूरा प्रकरण भोपाल की एमपी-एमएलए कोर्ट से जारी समन को राहुल गांधी द्वारा हाईकोर्ट में चुनौती दिए जाने से जुड़ा है। राहुल गांधी की ओर से अदालत को बताया गया कि जिस बयान को आधार बनाकर यह मानहानि परिवाद दायर किया गया था, वह बयान मध्य प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अथवा उनके पुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान के बारे में नहीं था। बयान को लेकर गलतफहमी पैदा हुई है और उसका आशय शिकायतकर्ता से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। राहुल गांधी ने हाईकोर्ट में आवेदन देकर मानहानि के आरोप को गलतफहमी करार दिया है।
कार्तिकेय चौहान ने नहीं जताई आपत्ति, सुलह के संकेत हुए मजबूत
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने राहुल गांधी के इस लिखित आवेदन पर कार्तिकेय सिंह चौहान से जवाब तलब किया था। न्यायालय ने उनसे लिखित प्रतिक्रिया प्रस्तुत करने को कहा था, जिसके बाद मामले में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। कार्तिकेय सिंह चौहान ने अपना जवाब पेश कर दिया है। बताया जा रहा है कि कार्तिकेय सिंह चौहान ने इस मामले में कोई दिक्कत नहीं होने की बात कही है, जो सुलह की ओर स्पष्ट संकेत दे रहा है।
गौरतलब है कि यह पूरा मामला वर्ष 2018 के झाबुआ विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए एक कथित बयान से जुड़ा है। कार्तिकेय सिंह चौहान ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी ने पनामा पेपर्स प्रकरण का उल्लेख करते हुए ऐसा वक्तव्य दिया था, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को क्षति पहुंची। राहुल गांधी ने पनामा पेपर मामले पर कार्तिकेय सिंह चौहान का नाम लिया था। इसी आधार पर भोपाल की एमपी-एमएलए कोर्ट ने राहुल गांधी के खिलाफ समन जारी किया था, जिसे राहुल गांधी ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। अब राहुल गांधी द्वारा खेद व्यक्त किए जाने और कार्तिकेय सिंह चौहान की सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद यह मामला समझौते पर समाप्त होने की प्रबल संभावना बन गई है।