कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि समेत यहां विस्तार से पढ़िए मोहन कैबिनेट बैठक के 6 बड़े फैसले

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 23 मार्च 2026 (सोमवार) को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में अहम मंत्रिपरिषद की बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक में राज्य के विकास कार्यों, कर्मचारी के महंगाई भत्ते, पेंशनभोगियों की महंगाई राहत, अतिथि शिक्षकों के लिए मानदेय और नई योजनाओं को मंजूरी दी गई है। इस बैठक में

Mar 24, 2026 - 09:30
कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि समेत यहां विस्तार से पढ़िए मोहन कैबिनेट बैठक के 6 बड़े फैसले

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 23 मार्च 2026 (सोमवार) को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में अहम मंत्रिपरिषद की बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक में राज्य के विकास कार्यों, कर्मचारी के महंगाई भत्ते, पेंशनभोगियों की महंगाई राहत, अतिथि शिक्षकों के लिए मानदेय और नई योजनाओं को मंजूरी दी गई है। इस बैठक में कुल 6,940 करोड़ रुपये के विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों की निरंतरता और नई परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी गई। आगामी 3 से 5 अप्रैल तक भगवान काशी विश्वनाथ की नगरी वाराणसी (बनारस) में सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य का मंचन किया जायेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हम बहुत जल्द मध्य प्रदेश का अपना ‘स्टेट एआई मिशन’ लॉन्च करने जा रहे हैं। यह एक लक्ष्य केंद्रित मिशन होगा जिसमें शासन प्रणाली में कसावट और सुप्रबंधन लाने के प्रयास किए जाएंगे। स्टेट एआई मिशन में कृषि, स्वास्थ्य, पोषण एवं आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में संभावित जोखिमों की पूर्व पहचान संभव हो सकेगी। मिशन को चरणबद्ध रूप से लागू किया जाएगा। वित्त वर्ष 2026-27 में एआई तकनीक के लिए ढांचागत विकास किया जाएगा। वित्त वर्ष 2027-28 में सफल यूज़ केसेस को विभिन्न विभागों में व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा तथा वित्त वर्ष 2028-29 से एआई को शासन की स्थायी संस्थागत क्षमता के रूप में विकसित किया जाएगा।

सरकारी कर्मचारियों का 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ा

  • मंत्रि-परिषद द्वारा 7वें वेतनमान प्राप्त कर रहे सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। 1 जुलाई, 2025 से 58 प्रतिशत के मान से मंहगाई भत्ता स्वीकृत किया गया। 1 जुलाई, 2025 से 31 मार्च, 2026 तक की एरियर राशि का भुगतान छः समान किश्तों में किया जायेगा।
  • प्रथम किश्त का भुगतान मई माह में, द्वितीय किश्त का भुगतान माह जून में, तृतीय किश्त का भुगतान माह जुलाई में, चतुर्थ किश्त का भुगतान माह अगस्त में, पांचवी किश्त का भुगतान माह सितम्बर में और छठवी किश्त का भुगतान माह अक्टूबर में किया जायेगा।
  • एक जनवरी, 2025 से 31 मार्च, 2026 की अवधि में सेवानिवृत और मृत शासकीय सेवकों के संबंध में उन्हें अथवा नामांकित सदस्य को एरियर राशि का भुगतान एकमुश्त किया जायेगा। वर्तमान में राज्य कर्मचारियों को 55 फीसदी के हिसाब से डीए मिल रहा है।

पेंशनभोगियों की महंगाई राहत में भी इजाफा

राज्य शासन के पेंशनर्स और परिवार पेंशनर्स को 01 जनवरी, 2026 से सातवें वेतनमान अंतर्गत 58 प्रतिशत एवं छठवें वेतनमान अंतर्गत 257 प्रतिशत पेंशन राहत स्वीकृत करते हुये छत्तीसगढ़ शासन के 9 फरवरी, 2026 के पत्र पर सहमति प्रदान की गई।

छठवें वेतनमान वाले कर्मचारियों के डीए पर भी अपडेट

छठवें वेतनमान के कार्मिकों एवं निगम / मंडल / उपक्रम के राज्य शासन में प्रतिनियुक्ति पर राज्य शासन में कार्यरत पांचवें एवं चौथे वेतनमान अंतर्गत कार्मिकों को समानुपातिक आधार पर मंहगाई भत्ता में वृद्धि के लिए वित्त विभाग को अधिकृत किया गया।

रीवा जिले की महाना माइक्रो सिंचाई परियोजना स्वीकृत

  • रीवा जिले की महाना माईक्रो सिंचाई परियोजना की लागत 82 करोड़ 39 लाख रुपये की स्वीकृति का निर्णय लिया गया है।
  • इस परियोजना से कुल 4500 हैक्टेयर में सिंचाई सुविधा का लाभ होगा।
  • रीवा जिले की जवा एवं त्योंथर तहसील के 18 ग्रामों के लगभग 950 कृषक परिवार लाभान्वित होंगे।

शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना के संचालन की स्वीकृति

  • मंत्रि-परिषद् द्वारा प्रदेश के अन्य पिछड़े वर्ग के युवक-युवतियों को सैन्य बल एवं अन्य समकक्ष सुरक्षा बलों/पुलिस/होमगार्ड एवं निजी सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती के लिए सक्षम बनाने लिए शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना 2026 का संचालन किये जाने की स्वीकृति दीगई है।
  • प्रतिवर्ष अन्य पिछड़े वर्ग के 4000 युवाओं को सैन्य बल एवं अन्य समकक्ष सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
  • प्रशिक्षण अवधि में पात्र पुरूष अभ्यर्थी को 1 हजार रुपये प्रति माह तथा महिला अभ्यर्थी को 1100 रुपये प्रति माह की दर से शिष्यवृत्ति भी उपलब्ध कराई जायेगी।
  • प्रदेश के 10 स्थानों पर स्थापित 40 केन्द्रों पर महिला एवं पुरूष अभ्यर्थियों को पृथक-पृथक प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा।
  • इसमें न्यूनतम 35 प्रतिशत सीट महिला अभ्यर्थियों द्वारा भरी जायेगी। इसके अंतर्गत नि:शुल्क आवासीय एवं भोजन व्यवस्था तथा अध्ययन सामग्री प्रदान की जायेगी।

अतिथि शिक्षकों को 18 हजार रुपए मानदेय

मंत्रि-परिषद ने सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग अंतर्गत दिव्यांगता के क्षेत्र में संचालित संस्थाओं में अतिथि शिक्षकों को स्कूल शिक्षा विभाग के अतिथि शिक्षक वर्ग-1 के समरूप मानदेय देने का फैसला किया है।इसके तहत अब इन शिक्षकों को भी प्रतिमाह 18 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा।

आंगनवाड़ी में अति कम वजन बच्चों के लिए पूरक पोषण आहार में वृद्धि

मंत्रि-परिषद द्वारा भारत सरकार द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र में पूरक पोषण आहार में की गई वृद्धि के अनुरूप, प्रदेश के समस्त संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों में 06 माह से 06 वर्ष आयुवर्ग के अति कम वजन (SUW) के बच्चों के लिए पूर्व निर्धारित प्रतिदिन प्रति हितग्राही राशि 8 रुपये से बढ़ाकर 12 रुपये करने का फैसला लिया गया ।

6,940 करोड़ के विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों को मंजूरी

  • मंत्रि-परिषद ने 6,940 करोड़ रुपये के विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों की स्वीकृति दी है। इसके तहत वाणिज्य कर विभाग अंतर्गत ग्रामीण आवास एवं परिवहन अधोसंरचना विकास के लिए 2,933 करोड़, वाणिज्यिक कर ट्रिब्यूनल और विभागीय परिसंपत्तियों के संधारण के लिए 37 करोड़ रुपये, सूचना प्रौद्योगिकी और स्थापना व्यय अंतर्गत 162 करोड़ रुपये सहित 9 योजनाओं की वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक निरंतरता की स्वीकृति दी गई है।
  • लोक निर्माण विभाग अंतर्गत मंत्रालय भवन के निर्माण, विधानसभा एवं विधायक विश्राम गृह, नवीन विधायक विश्राम गृह के निर्माण के लिए 691 करोड़ रुपये, शासकीय आवास गृह, स्टेट गेस्ट हाउस और कार्यालय निर्माण के लिए 731 करोड़ रुपये, परियोजना क्रियान्वयन इकाई सम्बन्धित कार्य के लिए 565 करोड़ रुपये और राजधानी परियोजना का स्थापना व्यय के लिए 379 करोड़ रुपये सहित संबंधित 17 योजनाओं की वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक निरंतरता की स्वीकृति दी गई है।
  • जनजातीय कार्य विभाग अंतर्गत 3 विभागीय योजनाओं अनुसूचित जनजाति संस्कृति का सवंर्धन, अनुसंधान, प्रशिक्षण एवं विकास योजना, अनुसूचित जनजाति संस्कृति का सवंर्धन, अनुसंधान, प्रशिक्षण एवं विकास संबंधी योजनाओं को वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक निरंतर संचालन के लिये वित्तीय राशि 102 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
  • खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग अंतर्गत लोक कल्याण से संबंधित विभिन्न योजनाओं स्मार्ट पीडीएस, मुख्यमंत्री राशन आपके ग्राम, उज्जवला, प्रधानमंत्री गतिशक्ति, मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना सहित अन्य योजनाओं के लिए 865 करोड़ रुपये, विभागाध्यक्ष कार्यालय म.प्र. राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग की योजना के लिए राशि 354 करोड़ 03 लाख, विभागीय परिसंपत्तियों का संधारण के लिए 3.90 करोड़ रुपये, नियंत्रक नापतोल कार्यालय के लिए 16 करोड़ 50 लाख रुपये और खाद्य आयोग के गठन के लिए 16 करोड़ रुपये सहित 22 विभिन्न योजनाओं की वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक निरंतर संचालन की स्वीकृति प्रदान की गई है।
Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।