अमेरिका में नस्लीय हमला? 17 बार चाकू मारा! DHS Post के बाद Sikh Driver पर Attack, सुरक्षा को लेकर सिख ट्रक ड्राइवरों में दहशत
अमेरिका के व्योमिंग में एक पंजाबी सिख ट्रक ड्राइवर पर रेस्ट एरिया में हमला हुआ। हमलावर ने कथित तौर पर उन पर चाकू से 17 बार वार किए। घटना ऐसे समय सामने आई है जब अमेरिका में अप्रवासन को लेकर राजनीतिक बहस तेज है।
वॉशिंगटन: अमेरिका के व्योमिंग में एक पंजाबी सिख ट्रक ड्राइवर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। सैक्रामेंटो निवासी 28 वर्षीय ड्राइवर पर एक रेस्ट एरिया में चाकू से हमला किया गया, जिसमें उन्हें गर्दन, छाती, बाहों और पसलियों में चोटें आई हैं।
घायल ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना को संभावित नस्लीय हमले के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक हमले के पीछे की वजह की पुष्टि नहीं की है। घटना से अमरिका के सिख ट्रक ड्राइवरों में दहशत है।
बाथरूम में पीछा कर पहुंचा हमलावर
रिपोर्ट के अनुसार, ड्राइवर ने अपनी पहचान सिर्फ ‘सिंह’ के रूप में बताई है। उन्होंने बताया कि वह इंटरस्टेट 80 स्थित बिटर क्रीक रेस्ट एरिया में रुके थे, जहां एक व्यक्ति उनके पीछे बाथरूम में पहुंचा।
ड्राइवर के मुताबिक, हमलावर ने अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया। कई वार झेलने के बाद भी वह किसी तरह रेस्टरूम से बाहर निकलने में सफल रहे और मदद के लिए आवाज लगाई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
हमले के बाद मदद के लिए चिल्ला रहे ड्राइवर की आवाज पास मौजूद एक हिस्पैनिक परिवार ने सुनी। उन्होंने तुरंत उनकी सहायता की और पुलिस को संदिग्ध के ट्रक की जानकारी दी।
इसके बाद व्योमिंग हाईवे पेट्रोल ने रॉलिन्स के पास संदिग्ध वाहन को रोका और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान एंड्रयू क्रिस ब्जदक के रूप में हुई है। उस पर फर्स्ट-डिग्री हत्या के प्रयास का आरोप लगाया गया है।
पुलिस अभी हमले के कारणों की जांच कर रही है।
तीन साल से ट्रक चला रहे हैं पीड़ित
पीड़ित सिख ड्राइवर पिछले तीन साल से कमर्शियल ट्रक चला रहे हैं। अस्पताल में उन्होंने अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि इस घटना के बाद वह अमेरिका में सफर करने वाले अन्य पंजाबी सिख ट्रक ड्राइवरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
DHS पोस्ट के बाद घटना को लेकर उठे सवाल
यह हमला अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) की एक विवादित सोशल मीडिया पोस्ट के कुछ दिनों बाद हुआ। इस पोस्ट में अवैध अप्रवासन और अप्रवासी ट्रक ड्राइवरों के मुद्दे को लेकर एक सिख व्यक्ति को दिखाया गया था।
पोस्ट में ‘मिस्टर सिंह’ नाम का इस्तेमाल किया गया था और ट्रक ड्राइविंग से जुड़े संदेश के जरिए अप्रवासियों पर निशाना साधा गया था। इस पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर बहस भी हुई थी।