बिना जंग के ईरान की घेराबंदी: अमेरिका ने रोकी एयरलाइंस की सांसें, तेहरान बोला- ‘देंगे दर्दनाक जवाब’
अमेरिका का ईरान पर सबसे बड़ा प्रहार! 23 सितंबर से दुनियाभर में ईरानी एयरलाइंस पर रोक। भड़के ईरान ने अमेरिकी ठिकानों पर दर्दनाक हमले की दी चेतावनी। होर्मुज में तेल टैंकर पर मिसाइल अटैक से तनाव चरम पर।
Tehran: पश्चिम एशिया में जारी भारी तनाव के बीच अमेरिका ने ईरान की कमर तोड़ने के लिए एक अभूतपूर्व और कठोर आर्थिक फैसला लिया है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने ऐलान किया है कि 23 सितंबर से दुनिया भर में ईरानी एयरलाइंस का संचालन पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा।
अमेरिकी प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि कोई भी देश, एयरपोर्ट या निजी कंपनी ईरानी विमानों को लैंडिंग सर्विस नहीं देगी, न ही उन्हें ईंधन (फ्यूल) सप्लाई करेगी और न ही उनके टिकटों की बिक्री करेगी। जो भी इस आदेश की अनदेखी करेगा, उसे वैश्विक डॉलर आधारित वित्तीय प्रणाली से तुरंत बेदखल कर दिया जाएगा।
अमेरिकी ठिकानों पर दर्दनाक हमलों की खौफनाक चेतावनी
दूसरी तरफ, अमेरिका के इस कड़े कदम से भड़के ईरान ने भी अपने सबसे आक्रामक तेवर दिखाए हैं। ईरान की केंद्रीय सैन्य कमान ‘खतम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर’ ने सीधी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि यदि अमेरिका ने किसी भी क्षेत्रीय देश के साथ मिलकर कोई नई सैन्य गुस्ताखी की, तो पूरे पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डों पर ऐसे विनाशकारी और दर्दनाक हमले किए जाएंगे जिनकी कल्पना भी नहीं की गई होगी। ईरानी सरकारी मीडिया (इरना) के मुताबिक, सेना को किसी भी चूक पर बिना समय गंवाए सीधा हमला करने का सख्त आदेश दे दिया गया है।
अमेरिका-ईरान तनाव चरम पर, 109 जहाजों का बदला गया रास्ता; होर्मुज में बढ़ी हलचल
तेल टैंकर पर मिसाइल अटैक से बढ़ा युद्ध का खतरा
यह पूरा घटनाक्रम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस सख्त चेतावनी के बाद आया है, जिसमें उन्होंने ईरान को अपना रवैया न बदलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
इसी बीच, समुद्री सुरक्षा एजेंसी यूकेएमटीओ (UKMTO) ने खुलासा किया है कि रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य में एक वाणिज्यिक तेल टैंकर पर अज्ञात प्रक्षेपास्त्र (मिसाइल) से हमला किया गया है। इस हमले में क्रू के दो सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिसने ग्लोबल ऑयल सप्लाई और समुद्री व्यापार पर युद्ध के काले बादल और गहरे कर दिए हैं।