इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, कमियां मिलने पर प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी, नमूने जांच के लिए भेजे

इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में लगातार खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई की जा रही है। इस बीच, सोमवार को इंदौर में भी एक बार फिर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया है। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी कमियों को दूर करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए […]

Sep 21, 2026 - 22:30
इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, कमियां मिलने पर प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी, नमूने जांच के लिए भेजे

इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में लगातार खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई की जा रही है। इस बीच, सोमवार को इंदौर में भी एक बार फिर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया है। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी कमियों को दूर करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए तथा खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए गए हैं।

जानकारी अनुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग ने बायपास स्थित करी ईव्स रेस्टोरेंट की शाखा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठान में कार्यरत कर्मियों के आवश्यक मेडिकल प्रमाण-पत्र एवं पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। किचन में खुले डस्टबिन पाए गए तथा शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक ही फ्रिज में रखा जाना पाया गया। मौके से रेड ग्रेवी, ब्राउन ग्रेवी, पनीर एवं दही के कुल 04 नमूने जांच हेतु लिए गए।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जांच के लिए लिए 7 खाद्य पदार्थों के नमूने

बता दें कि शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने न्यू पलासिया स्थित अपना स्वीट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठान में साफ-सफाई और खाद्य स्वच्छता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में तैयार किए जा रहे खाद्य पदार्थों के कुल 7 नमूने जांच के लिए लिए गए।

इनमें हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर, किचन किंग मसाला, तैयार आलू मसाला, तैयार दाल, तैयार मिक्स वेज और तैयार बटर पनीर के नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों के आधार पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया जा रहा है। नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

साउथ तुकोगंज के न्यू सुंदर होटल में खाद्य सुरक्षा विभाग का निरीक्षण

इसके अलावा, खाद्य सुरक्षा विभाग ने साउथ तुकोगंज स्थित न्यू सुंदर होटल का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किचन में कार्यरत कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र एवं खाद्य परीक्षण संबंधी रिपोर्ट उपलब्ध नहीं पाए गए। उक्त कमियों के संबंध में नोटिस जारी किया जा रहा है। मौके से पनीर एवं चावल के कुल 02 नमूने जांच हेतु लिए गए, जिन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से लिए गए कुल 13 खाद्य नमूने

इस प्रकार कार्रवाई में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से कुल 13 खाद्य नमूने जांच हेतु लिए गए हैं। सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम एवं संबंधित नियमों के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट