Gwalior News: पिकनिक मनाने गए MBBS के दो छात्र तिघरा बांध में डूबे, एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी
मध्य प्रदेश के ग्वालियर के जीआर मेडिकल कॉलेज में MBBS की पढ़ाई कर रहे सेकंड ईयर के दो छात्र तिघरा बांध में डूब गए। खबर लगते ही तिघरा थाना पुलिस ने कॉलेज प्रबंधन और प्रशासन को खबर दी। साथ ही NDRF और SDRF की टीमों ने भी सर्चिंग शुरू की और देर रात एक छात्र
मध्य प्रदेश के ग्वालियर के जीआर मेडिकल कॉलेज में MBBS की पढ़ाई कर रहे सेकंड ईयर के दो छात्र तिघरा बांध में डूब गए। खबर लगते ही तिघरा थाना पुलिस ने कॉलेज प्रबंधन और प्रशासन को खबर दी। साथ ही NDRF और SDRF की टीमों ने भी सर्चिंग शुरू की और देर रात एक छात्र गोपाल अग्रवाल का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरा छात्र आयुष श्रीवास्तव अभी भी लापता है रेस्क्यू टीमें उसकी तलाश कर रहीं हैं।
दरअसल, शहर में दो दिन से हो रही हल्की बारिश ने तापमान में कमी कर दी है। शनिवार शाम भी मौसम सुहाना हो गया था, इसका लाभ उठाने के लिए मेडिकल स्टूडेंट्स ने तिघरा बांध पर पिकनिक की प्लानिंग की। मेडिकल कॉलेज की चार छात्राएं और चार छात्र अपनी गाड़ियों से तिघरा पहुंचे, सभी वहां पिकनिक मना रहे थे तभी गोपाल और आयुष पानी में पैर डालकर बैठ गए और नहाने के लिए उतर गए और फिर कुछ देर बाद डूब गए। साथियों ने बचाने की कोशिश की मदद के लिए आवाज लगाई लेकिन अंधेरा होने से वहां दूर दूर तक कोई नहीं था।
स्टूडेंट्स ने कॉलेज प्रबंधन, हॉस्टल को सूचना दी। फिर तिघरा थाना पुलिस पहुंची और NDRF, SDRF की टीमों को बुलाया गया। अंधेरे में सर्चिंग शुरू हुई और रात करीब 1 बजे गोपाल अग्रवाल का शव बरामद कर लिया गया। गोपाल बीना का रहने वाला है और 2024 बैच का स्टूडेंट है। वहीं बिहार के मुज़फ्फरपुर निवासी 2024 बैच के ही आयुष के लिए रेस्क्यू जारी है।
पुलिस ने बताया की गोपाल के शव का पीएम करवाया गया है, उनके परिजन आ गए हैं शव को बीना लेकर जायेंगे। वहीं मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ आर के एस धाकड़ ने कहा कि घटना बहुत दुःखद है। मैं रात भर रेस्क्यू टीम के साथ था, अभी फिर जा रहा हूँ। प्रयास किये जा रहे हैं कि आयुष का कुछ पता चल जाए। उन्होंने कहा जो साथी स्टूडेंट्स गए थे, अभी वे सदमे में हैं, उनसे पूछताछ की जायेगी।
उधर कॉलेज में मातम पसरा है। पीएम हाउस पर अपने साथी के शव के साथ बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स पहुंचे । उन्होंने फूलमाला से अपने दोस्त को अंतिम विदाई दी। आयुष के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है, वे आज बिहार से ग्वालियर पहुंच जायेंगे। बहरहाल जिस तरह से ये घटना हुई है, एक बार फिर तिघरा बांध पर जल संसाधन विभाग की निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।