बेंगलुरु से हैदराबाद तक CJP का प्रदर्शन, एक्टर प्रकाश राज भी हुए शामिल, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज

देश में परीक्षा व्यवस्था को लेकर चल रही बहस के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन लगातार बढ़ रहा है। वहीं रविवार को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में बड़ी संख्या में लोग विरोध प्रदर्शन के लिए जुटे। दरअसल खराब मौसम और बारिश के बावजूद प्रदर्शन में लोगों की मौजूदगी बनी रही। कई लोग पोस्टर

Jun 14, 2026 - 21:30
बेंगलुरु से हैदराबाद तक CJP का प्रदर्शन, एक्टर प्रकाश राज भी हुए शामिल, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज

देश में परीक्षा व्यवस्था को लेकर चल रही बहस के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन लगातार बढ़ रहा है। वहीं रविवार को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में बड़ी संख्या में लोग विरोध प्रदर्शन के लिए जुटे। दरअसल खराब मौसम और बारिश के बावजूद प्रदर्शन में लोगों की मौजूदगी बनी रही। कई लोग पोस्टर और छाते लेकर पहुंचे, जबकि अभिनेता प्रकाश राज भी प्रदर्शन में शामिल हुए हैं।

दरअसल प्रदर्शन के दौरान NEET पेपर लीक और CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। बता दें कि इससे पहले हैदराबाद के धरना चौक पर भी इसी मुद्दे को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने लोगों को संबोधित किया।

CJP का आंदोलन कैसे बना राष्ट्रीय अभियान?

जानकारी दे दें कि कॉकरोच जनता पार्टी का अभियान 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ था। इसके बाद यह आंदोलन कई शहरों तक पहुंच चुका है। दिल्ली के बाद पुणे, लखनऊ, अमृतसर, बेंगलुरु और हैदराबाद में प्रदर्शन आयोजित किए गए हैं। वहीं पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और उनके समर्थक लगातार विभिन्न राज्यों में जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं।

दरअसल अभिजीत दीपके अमेरिका में पढ़ाई कर रहे हैं और 6 जून को भारत लौटे थे। इससे पहले वे आम आदमी पार्टी के लिए सोशल मीडिया रणनीति से जुड़े काम कर चुके हैं। आंदोलन का मुख्य फोकस परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, भर्ती प्रक्रियाओं में सुधार और छात्रों से जुड़े मुद्दों को सामने लाना बताया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर भी इस अभियान को लेकर काफी चर्चा देखने को मिली है। पार्टी का दावा है कि बड़ी संख्या में युवा इस मुहिम से जुड़ रहे हैं और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।

सोनम वांगचुक भी हुए शामिल

दरअसल हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सोनम वांगचुक ने कहा कि यह किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल को आगे बढ़ाने का अभियान नहीं है, बल्कि युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था और छात्रों के भविष्य से जुड़े सवालों पर गंभीर चर्चा की जरूरत है। वहीं कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत एक टिप्पणी के बाद हुई थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इस नाम को लेकर बड़ा अभियान शुरू हुआ। पार्टी का दावा है कि उसने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर ऑनलाइन समर्थन भी जुटाया है।