नीम करोली बाबा पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखने पहुंचे CM डॉ. मोहन यादव, टैक्स फ्री करने पर बोले ये बात
भोपाल के कोलार स्थित दृष्टि प्लाजा में गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। वहीं उनके साथ भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा, जिला अध्यक्ष रविंद्र यती, महापौर मालती राय और कई पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। बता दें कि फिल्म नीम करोली बाबा के जीवन और उनसे जुड़े आध्यात्मिक प्रसंगों पर आधारित […]
भोपाल के कोलार स्थित दृष्टि प्लाजा में गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। वहीं उनके साथ भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा, जिला अध्यक्ष रविंद्र यती, महापौर मालती राय और कई पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। बता दें कि फिल्म नीम करोली बाबा के जीवन और उनसे जुड़े आध्यात्मिक प्रसंगों पर आधारित है।
दरअसल मुख्यमंत्री ने फिल्म देखने से पहले कहा कि ‘हनुमान अंश’ में मध्यप्रदेश की कई प्रतिभाओं ने काम किया है। उन्होंने बताया कि सरकार फिल्म को टैक्स फ्री करने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है। फिल्म के जरिए नीम करोली बाबा के जीवन दर्शन और उनके संदेश को दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की गई है।
टैक्स फ्री करने पर सरकार का विचार
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फिल्म धर्म और अध्यात्म से जुड़े प्रसंगों को सामने लाती है। उन्होंने कहा कि आस्था के आधार पर नीम करोली बाबा को भगवान हनुमान का अंश माना जाता है और फिल्म उसी भावना को दिखाने का प्रयास करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म में समाज में एक-दूसरे की मदद करने और जरूरतमंदों के साथ खड़े रहने का संदेश भी दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार फिल्म को टैक्स फ्री करने के विषय पर विचार कर रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे देख सकें। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने फिल्म की टीम और कलाकारों से भी मुलाकात की। फिल्म में प्रदेश के कलाकारों की भागीदारी को उन्होंने सराहा और कहा कि स्थानीय प्रतिभाओं को ऐसे मंच मिलने चाहिए।
सुनील लोधी का बुंदेली भजन बना खास आकर्षण
फिल्म ‘हनुमान अंश’ की खास बात यह भी है कि इसमें सागर जिले के दिव्यांग गायक सुनील लोधी की आवाज में बुंदेली भजन शामिल किया गया है। सुनील लोधी की प्रतिभा पहले भी मुख्यमंत्री तक पहुंच चुकी थी। बता दें कि मुख्यमंत्री ने इससे पहले उन्हें मुख्यमंत्री निवास बुलाकर सम्मानित किया था। उस दौरान उन्हें एक लाख रुपये की सम्मान राशि भी दी गई थी और उनकी आंखों के इलाज में मदद का आश्वासन दिया गया था। अब उनकी आवाज फिल्म का हिस्सा बनने से प्रदेश की लोक गायकी को भी नई पहचान मिली है। इस दौरान फिल्म से जुड़े 8 वर्षीय बाल कलाकार मास्टर सात्विक शर्मा ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। कार्यक्रम के दौरान फिल्म की टीम के साथ बातचीत हुई और कलाकारों का स्वागत किया गया।
प्रदेशवासियों से भी फिल्म देखने की अपील
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों से ‘हनुमान अंश’ देखने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं में आस्था रखने वाले लोगों को यह फिल्म देखनी चाहिए।
उनका कहना है कि ‘हनुमान अंश’ भगवान हनुमान की भक्ति के साथ जीवन में सेवा, समर्पण, परोपकार और सभी के प्रति सद्भाव रखने की प्रेरणा भी देती है।