डबरा में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 24 किलो गांजे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, एक आरोपी फरार
डबरा पुलिस ने शनिवार आधी रात को बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 किलो 310 ग्राम गांजे के साथ तीन तस्करों को पकड़ा। ओडिशा से लाई गई इस अवैध गांजे की खेप की बाजार कीमत ढाई लाख रुपए से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इन तस्करों को डबरा के मंगरौरा रोड पर
डबरा पुलिस ने शनिवार आधी रात को बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 किलो 310 ग्राम गांजे के साथ तीन तस्करों को पकड़ा। ओडिशा से लाई गई इस अवैध गांजे की खेप की बाजार कीमत ढाई लाख रुपए से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इन तस्करों को डबरा के मंगरौरा रोड पर मजार के पास से उस वक्त दबोचा, जब वे बिना नंबर की इलेक्ट्रिक स्कूटी से भागने की फिराक में थे। इस कार्रवाई के बाद डबरा सिटी पुलिस ने रविवार को पूरे मामले का खुलासा किया और बताया कि एक अन्य आरोपी संतोष पचौरी अभी फरार है, जिसकी तलाश में छापेमारी जारी है।
यह पूरी कार्रवाई राष्ट्रपति के ग्वालियर दौरे के मद्देनजर जिले में लागू हाई अलर्ट के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक (SP) के सख्त निर्देशों पर सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने इलाकों के होटल और ढाबों की गहन चेकिंग करने का आदेश दिया गया था। इसी क्रम में बीती आधी रात को शहर थाना प्रभारी संजय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम गश्त पर निकली थी।
मंगरौरा रोड स्थित मजार के पास दो बैग लेकर खड़े थे तीनों आरोपी
गश्त के दौरान सब इंस्पेक्टर आर्यन शर्मा, प्रधान आरक्षक शिवशांत पांडे और उनकी टीम डबरा हाईवे के पास स्थित होटलों की जांच कर रही थी। तभी उनकी नजर मंगरौरा रोड पर मजार के पास खड़े एक महिला और दो पुरुषों पर पड़ी। इनके पास दो बड़े-बड़े बैग थे और इनकी संदिग्ध गतिविधियां पुलिस को खटक गईं। पुलिस टीम ने जैसे ही उन्हें रुकने का इशारा किया, तीनों एक बिना नंबर की इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार होकर तेजी से भागने लगे। लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही धर दबोचा।
बैग में मिला भारी मात्रा में अवैध गांजा
पुलिस ने जब पकड़े गए आरोपियों के पास मौजूद बैग की तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में अवैध गांजा भरा मिला। पुलिस टीम तीनों आरोपियों को तुरंत हिरासत में लेकर थाने ले आई। थाने में वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 24 किलो 310 ग्राम निकली। पुलिस के अनुसार, इस जब्त गांजे की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 45 हजार रुपए है। पूछताछ के दौरान तस्करों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे यह गांजा ओडिशा से उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन के जरिए खरीदकर लाए थे। उनकी योजना डबरा के ही रहने वाले संतोष पचौरी को यह खेप सप्लाई करने की थी।
पुलिस ने तीन तस्करों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में अरविंद वंशकार, रजनी वंशकार और दिनेश चौहान को गिरफ्तार किया है। वहीं, फरार खरीदार संतोष पचौरी के खिलाफ भी एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पकड़े गए तीनों आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश किया गया, जबकि पुलिस की कई टीमें संतोष पचौरी को पकड़ने के लिए लगातार विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का मानना है कि संतोष पचौरी की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों का भी खुलासा हो सकता है। यह कार्रवाई डबरा में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।