देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: उमंग सिंघार बोले-“ये एक हादसा नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्ट सिस्टम की भयावह सच्चाई”

देवास के टोंककला गांव में चल रही एक पटाखा फैक्ट्री में आज सुबह भीषण विस्फोट हो गया, ब्लास्ट होते ही फैक्ट्री में आग लग गई, धमाका बहुत तेज था कई श्रमिक इसकी चपेट में आ गये, तीन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई श्रमिक घायल हो गए जिन्हें देवास और इंदौर के

May 14, 2026 - 20:30
देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: उमंग सिंघार बोले-“ये एक हादसा नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्ट सिस्टम की भयावह सच्चाई”

देवास के टोंककला गांव में चल रही एक पटाखा फैक्ट्री में आज सुबह भीषण विस्फोट हो गया, ब्लास्ट होते ही फैक्ट्री में आग लग गई, धमाका बहुत तेज था कई श्रमिक इसकी चपेट में आ गये, तीन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई श्रमिक घायल हो गए जिन्हें देवास और इंदौर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, कांग्रेस ने घटना को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाये हैं।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने X पर लिखा-  “देवास की पटाखा फैक्ट्री में हुआ भीषण विस्फोट सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्ट सिस्टम की भयावह सच्चाई है। 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत, कई लोग गंभीर रूप से घायल, महिलाओं के लापता होने की खबरें और शवों के टुकड़े 20-25 फीट दूर तक बिखर जाना, यह दृश्य बेहद विचलित करने वाला है।

कांग्रेस ने लगाए फैक्ट्री के अवैध रूप से संचालित होने के आरोप 

सिंघार ने कहा –  ग्रामीण लगातार आरोप लगा रहे हैं कि फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित हो रही थी और शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिर किसके संरक्षण में मौत का यह कारोबार चल रहा था? गरीब मजदूर 250-400 रुपये की दिहाड़ी के लिए अपनी जान जोखिम में डालें और सत्ता-प्रशासन आंखें बंद करके बैठा रहे, यह बेहद शर्मनाक और अमानवीय है।

फैक्ट्री संचालकों, जिम्मेदार अधिकारियों और संरक्षण देने वालों पर कार्रवाई की मांग 

उमंग सिंघार ने कहा- मुख्यमंत्री जी,  सिर्फ जांच और मुआवजे की घोषणा से जिम्मेदारी खत्म नहीं होगी। दोषी फैक्ट्री संचालकों, जिम्मेदार अधिकारियों और संरक्षण देने वालों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। इस दु:खद हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिक भाइयों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करे।

सीएम ने मृतकों के परिजनों को दी 4-4 लाख रुपये आर्थिक सहायता  

उल्लेखनीय है कि पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट की घटना के बाद सीएम डॉ मोहन यादव ने इसपर गहरा दुख जताया है और मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की है, साथ ही घटना की जाँच के आदेश भी दिए हैं, मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने एवं घायलों का निःशुल्क इलाज करने के लिये निर्देश दिये हैं। सीएम ने X पर लिखा- “बाबा महाकाल से दिवंगतों की शांति, शोकाकुल परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति तथा दुर्घटना में घायलों को त्वरित स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।”

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।