इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो प्रतिष्ठानों में निर्माण बंद, जांच के लिए कई सैंपल लिए गए

इंदौर में मंगलवार को खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करने वाले दो प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कदम उठाया गया है। यह एक्शन आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन भोपाल के निर्देश और कलेक्टर जिला इंदौर के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर […]

Sep 29, 2026 - 21:30
इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो प्रतिष्ठानों में निर्माण बंद, जांच के लिए कई सैंपल लिए गए

इंदौर में मंगलवार को खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करने वाले दो प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कदम उठाया गया है। यह एक्शन आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन भोपाल के निर्देश और कलेक्टर जिला इंदौर के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा लिया गया है।

खाद्य विभाग की टीम ने हाई स्ट्रीट अपोलो, एबी रोड, निपानिया में स्थित ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी, रोमियो लेन का निरीक्षण किया। मौके पर होटल के जनरल मैनेजर अमोघ शरण उपस्थित रहें। निरीक्षण के दौरान किचन परिसर में कई खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितताएं पाई गईं। जिसे ध्यान में रखते हुए फूड प्रोडक्शन पर रोक लगाने का आदेश दिया गया है।

खाद्य पदार्थों की टैगिंग में गड़बड़ी, खाद्य लाइसेंस की अवधि खत्म 

ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी के किचन के फ्रीजर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे पाए गए। इतना ही नहीं खाने-पीने की चीजों की टैगिंग भी सही तरीके से   नहीं की गई थी। टीम ने पाया कि खसखस और मशरूम पुराने एवं कीटग्रस्त हो चुके हैं, जिन्हें मौके पर नष्ट कराया गया। इसके अलावा परिसर में पानी की जांच रिपोर्ट और खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं करवाए गए थे। खाद्य पदार्थों के भंडारण में FIFO और FEFO व्यवस्था का पालन भी सही तरीके से नहीं किया गया।

जांच के बाद मौके से पनीर, दही, मूंगफली दाना, खड़ा धनिया और ग्लास वर्मीसेली के 5 नमूने लिए गए हैं। जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान परिसर का खाद्य लाइसेंस अवधि समाप्त पाया गया, जिसके कारण किचन परिसर में खाद्य पदार्थों के निर्माण से जुड़े काम को तत्काल रोक लगाया गया है।

गोस्वामी मोमोज का औचक निरीक्षण, निर्माण पर रोक 

जिले भर में खाद्य विभाग की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में शिकायत मिलने पर खातीवाला टैंक स्थित बैराठी कॉलोनी के गोस्वामी मोमोज का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर मोमोज का निर्माण कर दुकान से विक्रय करने के साथ-साथ अन्य मोमोज विक्रेताओं को भी सप्लाई किया जाना पाया गया। विक्रेता पंकज गिरी के पास खाद्य पदार्थों के निर्माण हेतु वैध अनुज्ञप्ति उपलब्ध नहीं थी। निर्माण कक्ष के बाहर और बैक लाइन क्षेत्र में गंदगी पाई गई। विक्रेता द्वारा जरूरी दस्तावेज भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए।

टीम ने मौके से पनीर मोमोज एवं चीज मोमोज के नमूने जांच हेतु लिए गए। निरीक्षण के दौरान प्रसंस्करण में उपयोग किए जाने वाले पानी की जांच रिपोर्ट, परिसर का पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र एवं खाद्य कारोबारकर्ता का मेडिकल प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं पाया गया। खाद्य पदार्थों के निर्माण के लिए जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने और वैध अनुज्ञप्ति प्राप्त करने तक मोमोज के निर्माण और प्रसंस्करण का कार्य स्थगित कराया गया है। नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इंदौर के शकील अंसारी की रिपोर्ट