राहुल गांधी के प्रस्तावित बालाघाट दौरे पर विश्वास सारंग ने साधा निशाना, बोले “उनकी दाल नहीं गलने वाली”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 1 अक्टूबर को प्रस्तावित बालाघाट दौरे को लेकर मध्यप्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने उनपर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, वहां विघटन की राजनीति करते हैं और देश के सम्मान को नुकसान पहुंचाने का काम करते हैं। मंत्री सारंग ने आरोप लगाया […]

Sep 29, 2026 - 16:30
राहुल गांधी के प्रस्तावित बालाघाट दौरे पर विश्वास सारंग ने साधा निशाना, बोले “उनकी दाल नहीं गलने वाली”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 1 अक्टूबर को प्रस्तावित बालाघाट दौरे को लेकर मध्यप्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने उनपर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, वहां विघटन की राजनीति करते हैं और देश के सम्मान को नुकसान पहुंचाने का काम करते हैं।

मंत्री सारंग ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अंतरराष्ट्रीय मंचों से लेकर देश के भीतर तक झूठ और फरेब की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि अब राहुल गांधी ने चुनाव आयोग को लेकर भी नया विवाद खड़ा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘वोट चोरी’ की शुरुआत नेहरू के समय हुई थी और उन्होंने पीछे के दरवाजे से प्रधानमंत्री का पद हासिल किया था।

विश्वास सारंग ने राहुल गांधी के दौरे को लेकर साधा निशाना

विश्वास सारंग ने सोनिया गांधी को लेकर भी आरोप लगाया और कहा कि देश की नागरिकता बाद में मिली, जबकि उससे पहले ही उनका नाम मतदाता सूची में आ गया था। उन्होंने कहा कि राजनीति सनसनी पैदा करने से नहीं, बल्कि तथ्यों के आधार पर चलती है। उन्होंने राहुल गांधी के बालाघाट दौरे को लेकर कहा कि वे कहीं भी दौरा कर लें उनकी दाल नहीं गलने वाली।

1 अक्टूबर को बालाघाट जाएंगे राहुल गांधी

बालाघाट जिले के बैगा आदिवासी बहुल इलाकों में बच्चों की मौत के मामले को लेकर राहुल गांधी 1 अक्टूबर को प्रभावित क्षेत्र का दौरा करेंगे। वे बिरसा क्षेत्र के जगला गांव में पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी का 13 दिनों में ये दूसरा मध्यप्रदेश दौरा होगा। इससे पहले 19 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत का मुद्दा उठाया था। उन्होंने बीमारी और कुपोषण से बच्चों की मौत को लेकर सरकार से सवाल किए थे।

एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना

एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लेकर विश्वास सारंग ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ी लगातार पदक जीत रहे हैं और यह देश के लिए खुशी की बात है। उन्होंने मध्यप्रदेश की शूटिंग खिलाड़ियों नीरू और मनीषा के प्रदर्शन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ी मध्यप्रदेश खेल विभाग की शूटिंग अकादमी से जुड़ी हैं और उनका पदक जीतना प्रदेश के लिए प्रसन्नता की बात है।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।