बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत पर कांग्रेस का हमला, उमंग सिंघार बोले “सरकार जवाबदेही और जिम्मेदारी तय करे”

बालाघाट में बैगा आदिवासी बच्चों की मौत को लेकर एक बार फिर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार को घेरा है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया है कि जिले में अब तक 32 बैगा आदिवासी बच्चों की मौत हो चुकी है, बावजूद इसके प्रभावित इलाकों में हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा […]

Sep 18, 2026 - 12:30
बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत पर कांग्रेस का हमला, उमंग सिंघार बोले “सरकार जवाबदेही और जिम्मेदारी तय करे”

बालाघाट में बैगा आदिवासी बच्चों की मौत को लेकर एक बार फिर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार को घेरा है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया है कि जिले में अब तक 32 बैगा आदिवासी बच्चों की मौत हो चुकी है, बावजूद इसके प्रभावित इलाकों में हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि कई बच्चे अब भी बीमार हैं और कुछ की तबीयत लगातार बिगड़ रही है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रभावित गांवों में माताएं अपने बच्चों की जिंदगी को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि इन इलाकों में रोजाना लगभग 60 बीमार बच्चे सामने आ रहे हैं। उन्होंने कुपोषण और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर भी सवाल उठाए और कहा कि इतनी बड़ी संख्या में बच्चों की मौत के बाद भी सरकार और स्वास्थ्य तंत्र इस संकट को संभालने में सफल नहीं हो पाए हैं।

उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा

उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि बच्चों की मौत किन वजहों से हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है। उन्होंने यह भी पूछा कि जब बच्चे गंभीर स्थिति से गुजर रहे थे, तब सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था उनकी मदद के लिए कितनी प्रभावी तरीके से पहुंची। कांग्रेस नेता ने कहा कि ये बच्चे सिर्फ आंकड़े नहीं हैं, बल्कि आदिवासी परिवारों के बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी जिंदगी बचाना सरकार की जिम्मेदारी थी। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले में सिर्फ दावे करने की बजाय स्पष्ट जवाब देने, जवाबदेही तय करने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

आदिवासी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर उठे सवाल

बालाघाट के बैगा बहुल इलाकों में बच्चों की बीमारी और मौत का मामला पिछले कुछ समय से सामने आ रहा है। अगस्त से ही क्षेत्र में बच्चों के बीमार पड़ने और अस्पतालों में भर्ती होने की खबरें सामने आती रही हैं। इसके बाद स्थिति लगातार गंभीर होती गई और विपक्ष बच्चों की मौत का आंकड़ा बढ़ने के आरोप भी लगाता रहा है। प्रभावित इलाकों में बच्चों की बीमारी के पीछे कई कारणों को लेकर जांच हुई है। इनमें खसरा और मलेरिया जैसे संक्रमण के साथ-साथ कुपोषण और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दे भी चर्चा में रहे हैं। अब कांग्रेस सरकार से मौतों की वजह और जिम्मेदारी स्पष्ट करने की मांग कर रही है।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।