इंदौर में फर्जी IAS गिरफ्तार, ‘PA पैसे देगा’ कहकर होटल में खाना खाया, पुलिस ने पूछे सवाल तो खुल गया राज

इंदौर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल लसूडिया पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जो खुद को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताकर लोगों के बीच पहचान बना रहा था। आरोपी की पहचान 28 वर्षीय हिमांशु पांचाल के रूप में हुई है जो गुजरात के अहमदाबाद के […]

Sep 3, 2026 - 09:30
इंदौर में फर्जी IAS गिरफ्तार, ‘PA पैसे देगा’ कहकर होटल में खाना खाया, पुलिस ने पूछे सवाल तो खुल गया राज

इंदौर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल लसूडिया पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जो खुद को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताकर लोगों के बीच पहचान बना रहा था। आरोपी की पहचान 28 वर्षीय हिमांशु पांचाल के रूप में हुई है जो गुजरात के अहमदाबाद के साबरमती का रहने वाला है। वह इंदौर की ओमैक्स सिटी-1 स्थित शुभ आंगन प्रीमियम कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था।

दरअसल मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपी इंदौर के होटल शेरेटन में खाना खाने पहुंचा। बिल देने की बारी आई तो उसने कहा कि उसके पास फिलहाल पैसे नहीं हैं और उसका PA करीब दो घंटे में आकर भुगतान कर देगा। उसने होटल की सर्विस बुक में ‘राज सोनी’ नाम भी दर्ज कराया। होटल प्रबंधन को शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई।

पूछताछ में खुली पोल

वहीं पुलिस मौके पर पहुंची और युवक से पूछताछ शुरू की। उसने खुद को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताया लेकिन जब उससे पोस्टिंग और पहचान से जुड़े सवाल पूछे गए तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने उसकी पहचान की जांच की और उसने अपना असली नाम हिमांशु पांचाल बताया। पुलिस ने उसके किराए के मकान की तलाशी ली तो वहां भी फर्जी पहचान से जुड़े कई सबूत मिले।

मकान की नेम प्लेट पर भी ‘IAS राज सोनी’ लिखा

दरअसल मकान के बाहर काले रंग की नेमप्लेट लगी थी, जिस पर ‘IAS राज सोनी, जिला कलेक्टर’ लिखा था। घर के अंदर ‘सत्यमेव जयते’ लिखा फोटो फ्रेम भी रखा हुआ था जिससे वह खुद को अधिकारी जैसा दिखाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस के मुताबिक हिमांशु करीब एक महीने पहले इंदौर रहने आया था और करीब 15 दिन पहले उसने मकान के बाहर यह फर्जी नेमप्लेट लगाई थी। जांच में यह भी सामने आया कि वह पहले अहमदाबाद की एक IT कंपनी में काम करता था और उसके परिवार में सिर्फ उसकी मां हैं।

गुजरात में भी दर्ज है केस

वहीं होटल से मिली शिकायत के बाद लसूडिया पुलिस ने हिमांशु पांचाल के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 204 के तहत कार्रवाई की है। जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि आरोपी के खिलाफ गुजरात के गांधीनगर के अडालज थाने में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।