राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम अब 19 सितंबर को, जीतू पटवारी बोले- राजनीति नहीं, युवाओं की शिक्षा और भविष्य की लड़ाई
इंदौर। राहुल गांधी के इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तारीख आगे बढ़ाए जाने पर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस इस आयोजन को लेकर किसी तरह का विवाद नहीं चाहती। 12 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण अब इसे 19 सितंबर […]
इंदौर। राहुल गांधी के इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तारीख आगे बढ़ाए जाने पर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस इस आयोजन को लेकर किसी तरह का विवाद नहीं चाहती। 12 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण अब इसे 19 सितंबर को आयोजित करने की तैयारी है। पटवारी ने कहा कि कार्यक्रम के लिए नया मैदान तैयार करना होगा और प्रशासन जो भी स्थान उपलब्ध कराएगा, कांग्रेस वहां आयोजन करेगी।
पत्रकारों से बातचीत में जीतू पटवारी ने कहा कि यह कोई सामान्य राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों की शिक्षा, उनके भविष्य और रोजगार से जुड़े सवालों को उठाने का मंच है। राहुल गांधी ने देश के युवाओं और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों की लड़ाई गैर-राजनीतिक भावना के साथ शुरू की है।
‘कांग्रेस के बैनर का नहीं, देश के युवाओं का कार्यक्रम दिखे’
पटवारी ने कहा कि आयोजन कांग्रेस के बैनर तले जरूर हो रहा है, लेकिन पार्टी चाहती है कि इसे किसी राजनीतिक दल या गुट का कार्यक्रम न माना जाए। यह देश के युवाओं, विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की आवाज के रूप में सामने आए।
उन्होंने कहा कि इसी कारण कांग्रेस आयोजन स्थल को लेकर कोई विवाद खड़ा नहीं करना चाहती। यदि नेहरू स्टेडियम मिल जाता तो तैयारियां शुरू हो जातीं, लेकिन अब 19 सितंबर को कार्यक्रम करना होगा और उसके लिए नया मैदान तैयार करना पड़ेगा।
‘प्रशासन बताए कौन सा ग्राउंड देगा’
PCC अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस एक बार फिर इंदौर कलेक्टर से कार्यक्रम के लिए स्थान उपलब्ध कराने का आग्रह करेगी। उन्होंने कहा कि यदि नेहरू स्टेडियम दिया जाता है तो वे प्रशासन का आभार जताएंगे और अगर कोई दूसरा मैदान दिया जाता है तो कांग्रेस वहां कार्यक्रम करेगी।
पटवारी ने दावा किया कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में 50 हजार से ज्यादा लोगों के शामिल होने की संभावना है।
BJP से बोले पटवारी- इसमें नकारात्मकता मत लाइए
जीतू पटवारी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी इस कार्यक्रम को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार का सवाल किसी एक पार्टी से जुड़े परिवारों का नहीं है। कांग्रेस, भाजपा, पत्रकार या आम परिवार—सभी के बच्चे बेहतर शिक्षा और उसके बाद बेहतर भविष्य चाहते हैं।
पटवारी ने महंगी शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक और परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों का जिक्र करते हुए कहा कि ये ऐसे सवाल हैं, जिनसे देश का युवा सीधे प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इन्हीं मुद्दों को लेकर आवाज उठाई है और कांग्रेस चाहती है कि इंदौर में होने वाला संवाद सकारात्मक माहौल में हो।
पहले 12 सितंबर को होना था कार्यक्रम
राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पहले 12 सितंबर को प्रस्तावित था। कांग्रेस ने इसके लिए इंदौर के नेहरू स्टेडियम की मांग की थी। अब तारीख बढ़ाकर 19 सितंबर कर दी गई है। आयोजन स्थल को लेकर प्रशासन से बातचीत जारी रखने की बात पटवारी ने कही है।
शकील अंसारी, इंदौर