ट्रंप का बड़ा दावा: 9 युद्ध रुकवाए, अब रूस-यूक्रेन युद्ध पर नजर; ईरान और हंतावायरस पर भी दिया बयान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने दुनिया भर में शांति स्थापित करने के महत्व पर ज़ोर दिया है। अपने कूटनीतिक प्रयासों से अब तक नौ संघर्षों को सुलझाने का दावा करते हुए उन्होंने दसवें युद्ध को भी खत्म करने की उम्मीद जताई है।
Washington: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक अहम बयान जारी करते हुए अपनी कूटनीतिक सफलताओं पर प्रकाश डाला है। ईरान (Iran- Israel War ) के साथ जारी तनाव और रूस-यूक्रेन(Russia-Ukraine) के बीच चल रहे संघर्ष के बीच, राष्ट्रपति ने अपनी उपलब्धियों को गिनाया। ईरान के मुद्दे पर राष्ट्रपति ट्रंप ने सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने कहा, “हम बहुत अच्छा कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि ईरान के साथ अब हालात सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।”
रूस और यूक्रेन के बीच शांति की पहल
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने कार्यकाल के दौरान युद्धों को खत्म करने की अपनी क्षमता पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा, “मैंने अब तक आठ युद्ध सुलझाए हैं असल में, मैंने नौ युद्ध खत्म किए हैं। अब, ऐसा लगता है कि हम दसवें युद्ध को भी खत्म करने में कामयाब हो सकते हैं।” ट्रंप ने विशेष रूप से रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे लंबे समय से चले आ रहे संघर्ष को खत्म करने की अपनी इच्छा ज़ाहिर की। उन्होंने साफ किया कि वह इन दोनों देशों के बीच चल रही भीषण लड़ाई को खत्म होते देखना चाहते हैं। इस बयान को वैश्विक राजनीति में अमेरिका की सक्रिय मध्यस्थता के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
हंटावायरस को लेकर सरकार की सतर्कता
स्वास्थ्य के मोर्चे पर, राष्ट्रपति ने हंटावायरस (Hantavirus) को लेकर देश को आश्वस्त किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि हंटावायरस से जुड़ी स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। ट्रंप ने कहा, “हमारे पास स्थिति को संभालने के लिए एक बेहतरीन टीम मौजूद है।
हमारे विशेषज्ञ इस वायरस से अच्छी तरह परिचित हैं।” COVID-19 से तुलना करते हुए, उन्होंने कहा कि हंटावायरस उतनी आसानी से नहीं फैलता है। सरकारी विशेषज्ञ स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।