इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, KFC – Pizza Hut समेत इन 5 बड़े प्रतिष्ठानों में मिलीं कई कमियां

इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मंगलवार को शहर के प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच अभियान चलाया। वहीं इस दौरान Subway, KFC, Pizza Hut, La Pino’z Pizza और Domino’s Pizza की व्यवस्थाएं देखी गईं। अधिकारियों ने किचन, रेफ्रिजरेटर, फूड हैंडलिंग एरिया, स्टोरेज और जरूरी दस्तावेजों की जांच की। वहीं निरीक्षण में सामने आई कमियों को […]

Sep 15, 2026 - 23:30
इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, KFC – Pizza Hut समेत इन 5 बड़े प्रतिष्ठानों में मिलीं कई कमियां

इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मंगलवार को शहर के प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच अभियान चलाया। वहीं इस दौरान Subway, KFC, Pizza Hut, La Pino’z Pizza और Domino’s Pizza की व्यवस्थाएं देखी गईं। अधिकारियों ने किचन, रेफ्रिजरेटर, फूड हैंडलिंग एरिया, स्टोरेज और जरूरी दस्तावेजों की जांच की। वहीं निरीक्षण में सामने आई कमियों को लेकर संबंधित प्रतिष्ठानों को तय समय में सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।

दरअसल खाद्य सुरक्षा टीम ने जांच के दौरान सिर्फ खाने की गुणवत्ता ही नहीं बल्कि उसे तैयार करने और रखने के तरीके पर भी ध्यान दिया। अधिकारियों ने यह देखा कि कच्चे और तैयार भोजन को किस तरह रखा जा रहा है Veg और Non-Veg सामग्री की पहचान और अलग व्यवस्था है या नहीं साथ ही कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस और वैक्सीनेशन रिकॉर्ड उपलब्ध हैं या नहीं। इसके अलावा लाइसेंस, COA, पानी की टेस्टिंग रिपोर्ट और Pest Control से जुड़े रिकॉर्ड भी जांचे गए।

सबवे और डोमिनोज में मिली ये कमियां

वहीं, सपना-संगीता रोड स्थित सबवे की जांच में रेफ्रिजरेटर के अंदर शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले। इसके अलावा किचन और काम करने वाले क्षेत्र में फिसलने से बचाने वाली चटाई भी उपलब्ध नहीं थी। खाद्य सुरक्षा टीम ने इन कमियों को निरीक्षण रिपोर्ट में दर्ज किया और जरूरी सुधार के निर्देश दिए। इसी रोड पर डोमिनोज की भी जांच की गई। यहां शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री अलग-अलग हिस्सों में रखी गई थी, लेकिन दोनों के लिए एक ही जगह से भोजन तैयार करने की व्यवस्था मिली। किचन में शाकाहारी और मांसाहारी सामग्री के लिए साफ पहचान भी नहीं की गई थी। खाने वाले क्षेत्र में मक्खियां भी मिलीं।

नमूने जांच के लिए लिए

इसके अलावा पैकिंग मटेरियल रखने वाली जगह पर चूहों के मल के अवशेष मिले। टीम ने मौके से पनीर और Pizza Cheese Spread के नमूने जांच के लिए लिए हैं। दोनों प्रतिष्ठानों की जांच में सामने आई कमियों को लेकर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने सुधार प्रक्रिया शुरू की है। विभाग का फोकस इस बात पर है कि खाद्य सामग्री की रख रखाव के दौरान जरूरी सावधानियां बरती जाएं और किचन से लेकर पैकेजिंग तक की व्यवस्था खाद्य सुरक्षा मानकों के मुताबिक हो।

KFC, Pizza Hut और La Pino’z Pizza में जांच

दरअसल, फीनिक्स सिटाडेल मॉल स्थित केएफसी की जांच में खाद्य सुरक्षा लाइसेंस में दर्ज संचालन के जिम्मेदार व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं मिले। कच्चे माल और तैयार भोजन की गुणवत्ता जांच से जुड़े प्रमाण पत्र भी उपलब्ध नहीं थे। चार हिस्सों वाले गर्म भोजन रखने के स्थान में से केवल दो में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन की पहचान की गई थी। कुछ कूड़ेदान खुले मिले। खाद्य कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस और टीकाकरण से जुड़े रिकॉर्ड भी जांच के लिए उपलब्ध नहीं थे।

पिज्जा हट का संचालन करने वाली सैफायर फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के आउटलेट की जांच में खाद्य कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस रिकॉर्ड तय खाद्य सुरक्षा मानकों के मुताबिक पूरे नहीं मिले। किसी भी कर्मचारी का टीकाकरण रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं था। यहां भी खाद्य सुरक्षा लाइसेंस में दर्ज संचालन के जिम्मेदार व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं मिले। कच्चे माल और तैयार भोजन की गुणवत्ता जांच से जुड़े प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं थे। खाना तैयार करने और संभालने वाली जगह पर मक्खियां भी मिलीं। इसके चलते कीट नियंत्रण की व्यवस्था को लेकर भी कमी दर्ज की गई।

शकील अंसारी, इंदौर