जीतू पटवारी के पोस्ट पर गोपाल भार्गव का पलटवार, बोले – ‘किसी भी वीडियो को शेयर करने से पहले तथ्यों की जांच करें’

मध्य प्रदेश की राजनीति में कोपरा नदी का एक वीडियो नया विवाद बन गया है। दरअसल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो के बाद वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने पलटवार किया है। उन्होंने दावा किया कि वीडियो की वास्तविक स्थिति अलग है और इसे

Aug 6, 2026 - 08:30
जीतू पटवारी के पोस्ट पर गोपाल भार्गव का पलटवार, बोले – ‘किसी भी वीडियो को शेयर करने से पहले तथ्यों की जांच करें’

मध्य प्रदेश की राजनीति में कोपरा नदी का एक वीडियो नया विवाद बन गया है। दरअसल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो के बाद वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने पलटवार किया है। उन्होंने दावा किया कि वीडियो की वास्तविक स्थिति अलग है और इसे बिना पूरे तथ्य जाने सार्वजनिक किया गया, जिससे क्षेत्र की गलत तस्वीर पेश हुई।

दरअसल पुल निर्माण और छात्राओं के आवागमन को लेकर शुरू हुई यह बहस अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गई है। गोपाल भार्गव ने कहा कि जिस स्थान का वीडियो साझा किया गया है, वहां पहले से पुल निर्माण का काम जारी है और प्रशासन की ओर से वैकल्पिक रास्ते भी उपलब्ध हैं। उनके मुताबिक केवल एक वीडियो के आधार पर पूरे क्षेत्र की स्थिति पर निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं को किसी भी मुद्दे पर प्रतिक्रिया देने से पहले स्थानीय स्थिति और आधिकारिक जानकारी की पुष्टि करनी चाहिए।

10 करोड़ की परियोजना का दिया हवाला

वहीं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने बताया कि लोक निर्माण मंत्री रहते हुए उन्होंने जून 2023 में सागर जिले के बेरखेरी कलां-छुल्ला मार्ग पर कोपरा नदी पर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से 100 मीटर लंबे हाई लेवल पुल को मंजूरी दी थी। उनके अनुसार भूमि विवाद के कारण परियोजना कुछ समय तक प्रभावित रही, लेकिन अब मामला सुलझ चुका है और निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि पुराने पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कर गैप फिलिंग की गई है ताकि लोगों का आवागमन पूरी तरह बाधित न हो। भार्गव ने दावा किया कि आसपास महेशा, पिपरिया अहीर और वादीपुरा में पहले से तीन अन्य हाई लेवल पुल मौजूद हैं, जिनका उपयोग सुरक्षित आवाजाही के लिए किया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वायरल वीडियो क्षेत्र को बदनाम करने की नीयत से तैयार किया गया प्रतीत होता है।

पोस्ट के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज

दरअसल गोपाल भार्गव ने कहा कि विपक्ष का काम सरकार से सवाल पूछना और जनता के मुद्दे उठाना है, लेकिन यह जिम्मेदारी तथ्यों के आधार पर निभाई जानी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से अपील की कि किसी भी वीडियो या सोशल मीडिया पोस्ट को साझा करने से पहले उसकी प्रमाणिकता की जांच करें। भार्गव ने अपने विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उनके अनुसार सुनार नदी पर 18 किलोमीटर के दायरे में 10 पुल बनाए गए हैं, जबकि ग्राम चौरई में एक परिवार की सुविधा के लिए भी लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण कराया गया। उन्होंने जीतू पटवारी को रहली विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर अटल सेतु, निर्माणाधीन झूला पुल और अन्य परियोजनाओं को देखने का निमंत्रण भी दिया।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।