भोपाल में सीएम मोहन यादव ने तिरंगा यात्रा का किया शुभारंभ, बोले- आजीवन देश की सेवा का लें संकल्प
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार सुबह देशभक्ति का रंग देखने को मिला। टीटी नगर स्टेडियम से निकाली गई तिरंगा यात्रा में सैकड़ों युवा शामिल हुए। बारिश के बावजूद युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ और हाथों में तिरंगा लेकर उन्होंने देशभक्ति का संदेश दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तिरंगा लहराकर यात्रा का
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार सुबह देशभक्ति का रंग देखने को मिला। टीटी नगर स्टेडियम से निकाली गई तिरंगा यात्रा में सैकड़ों युवा शामिल हुए। बारिश के बावजूद युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ और हाथों में तिरंगा लेकर उन्होंने देशभक्ति का संदेश दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तिरंगा लहराकर यात्रा का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री निवास पर भी तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की।
बारिश के बीच निकली तिरंगा यात्रा
मुख्यमंत्री मोहन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में देशभक्ति की अलख जगाई जा रही है। आज सभी राज्यों में देशभक्त नागरिक तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं। भोपाल में बारिश के बीच निकली यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज इंद्र देवता भी देशभक्तों और वीरों का स्वागत कर रहे हैं।
क्रांतिकारियों के संघर्ष और बलिदान को किया याद
मुख्यमंत्री यादव ने आगे कहा कि महात्मा गांधी ने अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत की थी, जिसने ब्रिटिश शासन की नींव हिला दी थी। देश के क्रांतिकारियों के बलिदान, लंबे संघर्ष और अहिंसक आंदोलनों के कारण देश में आजादी की ऐसी लहर उठी कि पांच साल बाद अंग्रेजों को भारत छोड़ना पड़ा। लंबे संघर्ष के बाद मिली आजादी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस 15 अगस्त को 80 साल पूरे होंगे। हमें इस अवसर पर देश के सभी शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करना चाहिए।
‘अपने उत्तरदायित्व का पालन करें’
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी का पर्व समाज के हर वर्ग और देश के प्रत्येक नागरिक के साथ मिलकर मनाया जाना चाहिए। हमें अपने उत्तरदायित्व का पालन करते हुए ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। हमारी कामना होनी चाहिए कि भारत हमेशा युवा और स्वतंत्र रहे।
‘आजीवन देश की सेवा करने का लें संकल्प’
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि पूरे देश में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इसका आह्वान किया है। युवा, बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सभी तिरंगा यात्रा से जुड़ें और आजीवन देश की सेवा करने का संकल्प लें।