पीएम मोदी की मॉर्फ्ड रील्स पर हैदराबाद पुलिस का बड़ा एक्शन, मेटा इंडिया हेड समेत कई लोगों पर एफआईआर
हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाकर कथित रूप से मॉर्फ्ड और आपत्तिजनक रील्स-वीडियो फैलाने के मामले में दो अलग एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में मेटा इंडिया के प्रमुख अरुण श्रीनिवास को सह-आरोपी बनाते हुए छह इंस्टाग्राम और कई फेसबुक अकाउंट संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाकर कथित रूप से मॉर्फ्ड और आपत्तिजनक रील्स-वीडियो फैलाने के मामले में दो अलग एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में मेटा इंडिया के प्रमुख अरुण श्रीनिवास को सह-आरोपी बनाते हुए छह इंस्टाग्राम और कई फेसबुक अकाउंट संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह पहली बार है जब इस तरह के मामले में मेटा इंडिया के शीर्ष अधिकारी को भी जांच के दायरे में लाया गया है।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के कथित रूप से मॉर्फ्ड और आपत्तिजनक वीडियो तथा तस्वीरें साझा की गईं, जो हाल के NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शनों के दौरान व्यापक रूप से प्रसारित हुईं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ऐसे कंटेंट से लोगों को भ्रमित करने के साथ सामाजिक तनाव और सार्वजनिक व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है।
बीजेपी नेताओं की शिकायत पर हुई कार्रवाई
मामले की शुरुआत तेलंगाना भाजपा की सोशल मीडिया कोर कमेटी से जुड़े टी. साईकिरण गौड़ और एस. अरविंद रेड्डी की शिकायत से हुई। साईकिरण गौड़ ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि सोशल मीडिया पर ब्राउज़ करते समय उन्हें प्रधानमंत्री के मॉर्फ्ड अपमानजनक रील्स-पोस्ट मिले। ये घटनाएं कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में नीट पेपर लीक आंदोलन के दौरान सामने आईं। उन्होंने करीब 20 फेसबुक-इंस्टाग्राम लिंक सौंपे और मेटा पर ऐसे कंटेंट होस्ट करने के लिए कार्रवाई की मांग की।
अरविंद रेड्डी ने आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम पर पीएम मोदी, पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मॉर्फ्ड, डिजिटल रूप से बदले गए और कथित अश्लील अपमानजनक वीडियो-तस्वीरें प्रसारित हो रही थीं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, यह कंटेंट जनता को गुमराह कर सकता है और देश की संप्रभुता व अखंडता को प्रभावित करने वाली सामग्री जैसा प्रतीत होता है।
पुलिस कर रही है जांच
इन शिकायतों के आधार पर हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों, सोशल मीडिया अकाउंट्स, कंटेंट के स्रोत और प्लेटफॉर्म की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस ने मेटा को नोटिस जारी कर आपत्तिजनक लिंक्स की जानकारी दी है और अकाउंट संचालकों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।