इंदौर के मांगलिया में मंदिर से 3 अष्टधातु की मूर्तियां चोरी, ताला तोड़कर दानपेटी भी ले गए बदमाश
इंदौर में चोरों के होंसले बुलंद होते जा रहे हैं। दरअसल इंदौर के मांगलिया क्षेत्र के एक मंदिर में देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। चोर ने मंदिर से अष्टधातु की तीन मूर्तियां और दानपेटी चोरी की है। चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और चोरी की घटना को अंजाम दिया। वहीं […]
इंदौर में चोरों के होंसले बुलंद होते जा रहे हैं। दरअसल इंदौर के मांगलिया क्षेत्र के एक मंदिर में देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। चोर ने मंदिर से अष्टधातु की तीन मूर्तियां और दानपेटी चोरी की है। चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और चोरी की घटना को अंजाम दिया। वहीं मंदिर में हुई इस चोरी से इलाके में चिंता का माहौल है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि चोर मंदिर के साइड वाले छोटे गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और भगवान शांतिनाथ, भगवान आदिनाथ व भगवान महावीर की मूर्तियों के साथ दानपेटी भी उठा ले गए।
चोरों ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम
दरअसल मंदिर के सेवादार दिलीप जैन ने बताया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से मंदिर में सेवा कर रहे हैं। उनके मुताबिक रात करीब दो बजे भजन-कीर्तन के बाद वह मंदिर परिसर में ही सो गए थे। सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब वह पूजा-पाठ के लिए उठे और मुख्य गेट खोलकर अंदर पहुंचे तब उन्हें मंदिर के साइड वाले छोटे गेट का ताला टूटा हुआ मिला। वहीं अंदर जाकर देखा तो मंदिर से अष्टधातु की तीनों मूर्तियां गायब थीं। इसके साथ ही दानपेटी भी नहीं मिली।
पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
शुरुआती अनुमान के मुताबिक चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत करीब 95 हजार रुपये है। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के रास्तों और संभावित आने-जाने के रास्तों की जांच शुरू कर दी है। मंदिर परिसर और आसपास उपलब्ध सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं मंदिर ट्रस्ट की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात के समय इलाके में कोई संदिग्ध गतिविधि तो नहीं देखी गई थी।