इंदौर: ‘माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026’ में शामिल हुए सीएम मोहन यादव, बोले- युवाओं के भविष्य के लिए सरकार हर कदम पर साथ
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार, 11 जुलाई को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026’ में शामिल हुए। इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने सीएम डॉ. यादव को विकसित एवं प्रगतिशील मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए “युवा संकल्प पत्र” का ड्राफ्ट भी सौंपा। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार, 11 जुलाई को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026’ में शामिल हुए। इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने सीएम डॉ. यादव को विकसित एवं प्रगतिशील मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए “युवा संकल्प पत्र” का ड्राफ्ट भी सौंपा। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया। ‘वन स्टेट, वन जनरेशन, वन संकल्प’ थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 5 हजार युवा शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की सरकार युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए हर मदद के लिए तैयार और तत्पर है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश और मध्यप्रदेश सबसे युवा प्रदेश है इसलिए युवा शक्ति आने वाले अवसरों का लाभ उठाए। राज्य सरकार हमेशा आपके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने रोजगार और जनकल्याण योजनाओं पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओ को रोजगार सृजन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही हैं। राज्य सरकार होम स्टे तैयार करने के लिए युवाओं को आर्थिक सहायता भी दे रही है। इसके अलावा, अगर जिन युवाओं को मेडिकल क्षेत्र में रुचि है तो उनकी मेडिकल की पढ़ाई के लिए सरकार द्वारा लोन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
रोजगार बढ़ाने वाले उद्योगों को सरकार दे रही विशेष प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने बताया कि रोजगारपरक उद्योग स्थापित करने वाले उद्यमों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार प्रत्येक श्रमिक के वेतन पर 5,000 रुपये की सहायता प्रदान कर रही है, ताकि अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित हो सकें। उन्होंने कहा कि मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने राहवीर योजना शुरू की है। इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद कर उसकी जान बचाने वाले नागरिक को 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश के गरीब और जरूरतमंद नागरिकों को गंभीर परिस्थितियों में बेहतर एवं त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ‘पीएमश्री एयर एंबुलेंस सेवा’ संचालित की जा रही है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।
पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत बना वैश्विक शक्ति: राघवेंद्र सिंह
वहीं कार्यक्रम में प्रमुख सचिव उद्योग विभाग राघवेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक शक्ति बनकर उभरा है। आज मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आजाद बाइक रैली को झंडी दिखाई है, जो अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली तक जाएगी।
बता दें कि ‘माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026’ में पांच अलग-अलग विषयों पर युवाओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने का संकल्प लिया है।