इंदौर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, 35 मामलों वाला लिस्टेड गुंडा मुख्तियार खान गिरफ्तार, प्लॉट पर कब्जा कर मांगता था लाखों की रंगदारी
इंदौर में क्राइम ब्रांच ने प्लॉटों पर अवैध कब्जा और रंगदारी के आरोपी मुख्तियार खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक वह एमआईजी थाना क्षेत्र का लिस्टेड गुंडा है और उसके खिलाफ 35 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह कब्जा की गई जमीन खाली करने के
इंदौर में क्राइम ब्रांच ने प्लॉटों पर अवैध कब्जा और रंगदारी के आरोपी मुख्तियार खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक वह एमआईजी थाना क्षेत्र का लिस्टेड गुंडा है और उसके खिलाफ 35 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह कब्जा की गई जमीन खाली करने के बदले प्लॉट मालिकों से बड़ी रकम मांगता था।
दरअसल क्राइम ब्रांच को राधिका कुंज कॉलोनी में खाली प्लॉटों पर कब्जा कर अवैध निर्माण करने और मालिकों को धमकाने की शिकायत मिली थी। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार मुख्तियार ने कई जगह टीन शेड और दुकानें बनाकर उनका व्यावसायिक उपयोग शुरू कर दिया था। शिकायत मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने उसकी तलाश शुरू की और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया।
धमकी, मारपीट के गंभीर आरोप
पुलिस जांच के मुताबिक मुख्तियार खान लंबे समय से विजय नगर और एमआईजी थाना क्षेत्रों में सक्रिय था। आरोप है कि उसने राधिका कुंज और स्वर्णबाग कॉलोनी में करीब 1.5 लाख वर्गफीट से ज्यादा जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था। इन जगहों पर टीन शेड, गोदाम और दुकानें बनाकर उनका इस्तेमाल किया जा रहा था। जब असली प्लॉट मालिक अपनी जमीन वापस मांगते थे तो आरोपी कथित तौर पर कब्जा छोड़ने के बदले डेढ़ लाख से लेकर 50 लाख रुपये तक की रकम मांगता था।
दरअसल पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी के खिलाफ रंगदारी, धमकी, मारपीट और अवैध कब्जे से जुड़े कई पुराने मामले पहले से दर्ज हैं। वर्तमान में वह एलआईजी लिंक रोड पर सोफा की दुकान चलाता था, लेकिन उसके खिलाफ दर्ज मामलों के कारण वह पुलिस की निगरानी सूची में शामिल था। गिरफ्तारी के बाद क्राइम ब्रांच अब उसके अन्य कब्जों, सहयोगियों और संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
दो बार जिलाबदर तक का रिकॉर्ड
वहीं मुख्तियार खान का नाम 2018 में एक चर्चित मामले में भी सामने आया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उस समय उस पर एक नाबालिग को बंधक बनाकर मारपीट करने और उससे टॉयलेट सीट चटवाने का आरोप लगा था। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद प्रशासन ने उसके कुछ अवैध कब्जों पर कार्रवाई करते हुए निर्माण हटाए थे और उसे जेल भेजा गया था।
पुलिस के अनुसार मुख्तियार को दो बार जिलाबदर भी किया जा चुका है, लेकिन उसके खिलाफ आपराधिक गतिविधियों के आरोप लगातार सामने आते रहे। जांच एजेंसियां अब उसके मोबाइल फोन, पुराने संपर्कों और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी से विस्तृत पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।