जीतू पटवारी ने MP सरकार पर लगाया किसान कल्याण वर्ष में किसानों की अनदेखी का आरोप, कैलारस आंदोलन को लेकर घेरा
मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कैलारस शक्कर कारखाने को लेकर चल रहे आंदोलन के समर्थन में भाजपा सरकार पर निशाना साधा। ग्वालियर पहुंचे कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष मना रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर जनप्रतिनिधि कई दिनों से भूख
मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कैलारस शक्कर कारखाने को लेकर चल रहे आंदोलन के समर्थन में भाजपा सरकार पर निशाना साधा। ग्वालियर पहुंचे कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष मना रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर जनप्रतिनिधि कई दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं और सरकार उनकी सुध नहीं ले रही है।
उन्होंने कहा कि कैलारस में कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय अपने साथियों के साथ सातवें दिन भी भूख हड़ताल पर बैठे हैं, लेकिन किसान कल्याण वर्ष मना रही सरकार को इसकी चिंता नहीं है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में एक तरफ महंगाई की मार है और दूसरी ओर खेती-किसानी की फसलों के दाम किसानों के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। ऐसे में कांग्रेस किसानों के हक की लड़ाई जारी रखेगी।
क्या है कैलारस शक्कर कारखाने से जुड़ा विवाद
मुरैना जिले का कैलारस शक्कर कारखाना लंबे समय से बंद है। इसे दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर क्षेत्र के किसान और कांग्रेस लगातार आंदोलन कर रहे हैं। विवाद उस समय और बढ़ गया जब कारखाने की जमीन और परिसंपत्तियों को एमएसएमई विभाग को हस्तांतरित करने का फैसला सामने आया। इसी मुद्दे पर कैलारस में कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय अपने साथियों के साथ सातवें दिन भी भूख हड़ताल पर बैठे हैं। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांग कारखाने को दोबारा शुरू करना है। उनका कहना है कि कारखाना शुरू होने से क्षेत्र के गन्ना किसानों को स्थानीय बाजार मिलेगा और किसानों, श्रमिकों तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को फायदा होगा।
सरकार ने की है ये घोषणा
हालांकि 20 अगस्त को कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना ने कैलारस शक्कर कारखाने को दोबारा शुरू करने की सरकार की योजना की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कारखाना फिर शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत एमएसएमई विभाग देश के बड़े शक्कर मिल संचालकों से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट यानी संचालन के लिए प्रस्ताव आमंत्रित करेगा। सरकार की योजना के अनुसार कारखाना चलाने के लिए जितनी जमीन जरूरी होगी, उसे मिल के लिए रखा जाएगा। इसके बाद बचने वाली अतिरिक्त जमीन पर नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की नीति बताई गई है।
किसान हित सहित अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरा
लेकिन किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस लगातार हमलावर है। जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार से उसकी घोषित ‘मोदी गारंटी’ पूरी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का दायित्व किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ना है और पार्टी यह लड़ाई आगे भी जारी रखेगी।
उन्होंने कहा कि अगर जनप्रतिनिधि आठ-आठ दिन तक भूख हड़ताल पर बैठे रहें और सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे, तो यह सरकार के रवैये को दर्शाता है। कांग्रेस नेता ने कहा कि आने वाला समय कांग्रेस का होगा और पार्टी किसानों के हित तथा शिक्षा के अधिकार की लड़ाई जारी रखेगी।
‘वंदे मातरम’ विवाद पर बीजेपी पर आरोप
जीतू पटवारी ने ‘वंदे मातरम’ विवाद पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी विवाद खड़ा करके देशभक्ति का प्रमाणपत्र लेने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस को देशभक्ति का पाठ पढ़ाने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस नेता ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ देशभक्ति का बड़ा प्रतीक है और राष्ट्रगान तथा राष्ट्रगीत को लेकर विवाद खड़ा करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि संविधान में जो व्यवस्था है, कांग्रेस उसका पूरी तरह पालन करेगी।