इंदौर: कीचड़ में धरने पर बैठे बदहाल सड़क से परेशान रहवासी, निगम के खिलाफ खोला मोर्चा
इंदौर के वार्ड क्रमांक 75 स्थित भावनगर और पालदा नाका क्षेत्र के रहवासी लंबे समय से सड़क की बदहाली से परेशान चल रहे हैं। बारिश के समय में इन नागरिकों की मुश्किलें और भी ज्यादा बढ़ जाती है। इसी के चलते अब रहवासी क्षेत्रीय पार्षद के साथ मिलकर नगर निगम के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन करते
इंदौर के वार्ड क्रमांक 75 स्थित भावनगर और पालदा नाका क्षेत्र के रहवासी लंबे समय से सड़क की बदहाली से परेशान चल रहे हैं। बारिश के समय में इन नागरिकों की मुश्किलें और भी ज्यादा बढ़ जाती है। इसी के चलते अब रहवासी क्षेत्रीय पार्षद के साथ मिलकर नगर निगम के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन करते हुए दिखाई दिए।
रहवासियों ने पार्षद कुणाल सोलंकी के साथ सड़क पर जमा कीचड़ में बैठकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना था कि सड़क निर्माण जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि यह रहने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
खराब सड़क बनी परेशानी
इस क्षेत्र में रहने वाले रहवासियों का कहना है कि सड़क लंबे समय से खराब है। जैसे ही बारिश होती है पूरा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है। इस वजह से पैदल आने जाने वालों के साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस बारे में कई बार शिकायत की गई इसके बावजूद भी समाधान नहीं मिल पा रहा है।
4 साल से अधूरा है काम
पार्षद कुणाल सोलंकी का कहना है कि सड़क का काम करीब 4 साल पहले शुरू हुआ था लेकिन अब तक पूरा नहीं हो पाया है। यह सड़क वार्ड 75 और 77 के बीच आती है। अधूरे निर्माण की वजह से रहवासियों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्षद ने कहा कि जब तक समस्या का निराकरण नहीं होगा तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने नगर निगम कमिश्नर और एडिशनल कमिश्नर से समस्या का समाधान करने की मांग की है।
बता दें कि इंदौर के कई इलाकों में खराब और अधूरी सड़के लोगों की परेशानी का कारण बन गई हैं। जगह-जगह पानी भरने और कीचड़ होने की वजह से पैदल आने जाने वाले लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।