इंदौर के फाइव स्टार Sayaji Hotel के सभी किचन सील, जांच में मिली गंभीर खामियां, खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई
इंदौर: शहर के प्रसिद्ध फाइव स्टार Sayaji Hotel पर खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सभी किचन सील कर दिए हैं। होटल की जांच में खाद्य सामग्री के रखरखाव से लेकर साफ-सफाई और स्टोरेज तक गंभीर खामियां सामने आईं। करीब 66 किलो नॉनवेज पर पैकिंग और निर्माण की तारीख नहीं मिली, वहीं कोल्ड स्टोरेज
इंदौर: शहर के प्रसिद्ध फाइव स्टार Sayaji Hotel पर खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सभी किचन सील कर दिए हैं। होटल की जांच में खाद्य सामग्री के रखरखाव से लेकर साफ-सफाई और स्टोरेज तक गंभीर खामियां सामने आईं। करीब 66 किलो नॉनवेज पर पैकिंग और निर्माण की तारीख नहीं मिली, वहीं कोल्ड स्टोरेज में वेज-नॉनवेज के साथ सी-फूड, चिकन और मटन भी एक साथ रखे पाए गए।
जांच के दौरान स्टोरेज की स्थिति ने भी खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। यहां चूहे और कॉकरोच मिलने के साथ चूहों की लीद भी पाई गई। मूंगफली में फंगस थी, जबकि आलू और टमाटर खराब हालत में मिले। खाद्य सामग्री के लिए जरूरी तापमान भी सही तरीके से मेंटेन नहीं किए जाने की बात सामने आई है।
पैकिंग और स्टोरेज में भी मिलीं कई खामियां
होटल में रखी दूसरी खाद्य सामग्री की जांच में भी कई कमियां सामने आईं। पैक्ड कुल्फी पर मैन्युफैक्चरिंग, एक्सपायरी डेट और बैच नंबर नहीं मिले। व्हिप टॉपिंग के टेट्रा पैक लीक पाए गए, जबकि ग्रेवी सामान्य तापमान पर रखी हुई थी। कई उत्पादों पर जरूरी लेबल भी नहीं थे।
किचन और स्टोरेज की व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं मिली। खाना तैयार करने वाले प्लेटफॉर्म और नॉनवेज स्टोरेज के कुछ हिस्सों में जंग थी। कई खाद्य पदार्थ बिना पैलेट के रखे गए थे, जबकि कुछ सामान दीवार से सटाकर रखा गया था। पैलेट के नीचे गंदगी और ड्राई स्टोरेज की दीवार व फर्श में दरारें भी मिलीं।
लाइसेंस से जुड़ी खामियां भी आईं सामने
जांच में होटल के लाइसेंस और वहां चल रही खाद्य गतिविधियों के बीच भी अंतर सामने आया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक लाइसेंस में नॉनवेज शामिल नहीं था, जबकि होटल में नॉनवेज रखा मिला। इसी तरह इन-हाउस बेकरी और मिठाइयां तैयार किए जाने के बावजूद इन गतिविधियों के लाइसेंस में शामिल नहीं होने की बात सामने आई है।
इन सभी खामियों को देखते हुए खाद्य विभाग ने Sayaji Hotel के सभी किचन सील कर दिए हैं। टीम ने पनीर, पैक्ड पनीर, कच्चा नॉनवेज, सौंफ और ड्राई फ्रूट्स सहित अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद विभाग आगे की कार्रवाई तय करेगा।