इंदौर क्राइम ब्रांच को मिली बड़ी सफलता, दो इनामी ड्रग्स तस्करों को मंदसौर से किया गिरफ्तार, जानिए पुलिस ने कैसे बिछाया जाल?

इंदौर क्राइम ब्रांच ने मंदसौर से फरार चल रहे दो इनामी ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल दोनों आरोपी एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार थे और उनकी गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इंदौर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच

Jul 11, 2026 - 21:30
इंदौर क्राइम ब्रांच को मिली बड़ी सफलता, दो इनामी ड्रग्स तस्करों को मंदसौर से किया गिरफ्तार, जानिए पुलिस ने कैसे बिछाया जाल?

इंदौर क्राइम ब्रांच ने मंदसौर से फरार चल रहे दो इनामी ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल दोनों आरोपी एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार थे और उनकी गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

इंदौर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता मिली है। दरअसल पुलिस ने एमडी ड्रग्स तस्करी मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को मंदसौर से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर थे और उनकी गिरफ्तारी पर नकद इनाम भी घोषित किया गया था। कार्रवाई के बाद अब पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है।

वहीं क्राइम ब्रांच के मुताबिक यह मामला पहले पकड़े गए एमडी ड्रग्स तस्करी केस से जुड़ा है। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे सबूत मिले थे जिनसे शाहिद और महफूज़ की भूमिका सामने आई। इसके बाद दोनों लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई थीं और तकनीकी निगरानी के साथ लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। आखिरकार दोनों को मंदसौर जिले से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया है।

दोनों इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी

दरअसल एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ समय पहले क्राइम ब्रांच ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी खालिद हुसैन और नदीम खान को 151 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। उसी मामले की जांच आगे बढ़ने पर शाहिद पिता युसुफ खान और महफूज़ पिता मुबारीक खान के नाम सामने आए। वहीं दोनों पर ड्रग्स सप्लाई से जुड़े होने के आरोप हैं। जांच के दौरान दोनों फरार हो गए थे जिसके बाद पुलिस उपायुक्त की ओर से उनकी गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। क्राइम ब्रांच और साइबर सेल ने मोबाइल लोकेशन, तकनीकी इनपुट और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर मंदसौर में दबिश दी और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए इंदौर लाया गया है।

ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज

वहीं पूछताछ में पुलिस को शुरुआती जानकारी मिली है कि आरोपी शाहिद मंडी में मजदूरी करता था जबकि महफूज़ ड्राइवर का काम करता था। पुलिस का कहना है कि दोनों अपने सामान्य काम की आड़ में अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क से जुड़े हुए थे। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि एमडी ड्रग्स कहां से लाई जाती थी, किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है। पुलिस इंदौर और आसपास सक्रिय स्थानीय पेडलर्स की जानकारी भी जुटा रही है

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट