इंदौर क्राइम ब्रांच पुलिस का बड़ा एक्शन, जमीन कब्जाने वाले आरोपी मुख्तियार की 4 करोड़ की संपत्ति सीज

इंदौर क्राइम ब्रांच पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन मालिकों से अवैध कब्जे छोड़ने के बदले लाखों रुपये की मांग करने के आरोप में गिरफ्तार मुख्तयार की करीब 4 करोड़ रुपए की संपत्ति सीज कर दी है। पुलिस ने आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लेकर उसके द्वारा किए गए

Aug 25, 2026 - 21:30
इंदौर क्राइम ब्रांच पुलिस का बड़ा एक्शन, जमीन कब्जाने वाले आरोपी मुख्तियार की 4 करोड़ की संपत्ति सीज

इंदौर क्राइम ब्रांच पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन मालिकों से अवैध कब्जे छोड़ने के बदले लाखों रुपये की मांग करने के आरोप में गिरफ्तार मुख्तयार की करीब 4 करोड़ रुपए की संपत्ति सीज कर दी है। पुलिस ने आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लेकर उसके द्वारा किए गए अवैध कब्जों की जांच की। इस दौरान अवैध शेड में बने गोदाम और दुकानों से जुड़े दस्तावेज मिले। जिसके बाद क्राइम ब्रांच द्वारा यह बड़ी कार्रवाई की गई।

क्राइम ब्रांच पुलिस उपायुक्त राजेश त्रिपाठी ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि मुख्तयार के खिलाफ जमीनों पर कब्जा करने और फरियादियों से अड़ीबाजी कर रुपये मांगने की शिकायतें मिली थीं। जांच के दौरान आरोपी द्वारा जमीनों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। पुलिस के अनुसार, सील की गई दुकानों और ऑफिसों की कीमत करीब 4 करोड़ रुपये बताई गई है।

मुख्तियार के खिलाफ करीब 35 अपराध दर्ज

पुलिस के अनुसार, जेल से बाहर आने के बाद भी मुख्तियार पर राधिका कुंज इलाके की जमीनों पर कब्जे करने के आरोप लगे। हाल ही में क्राइम ब्रांच पुलिस ने उसे जमीन मालिकों से अवैध कब्जे छोड़ने के बदले रुपए मांगने के मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक मुख्तियार के खिलाफ अब तक करीब 35 अपराध दर्ज हो चुके हैं।

चार प्लॉट की FIR, जांच में सात संपत्तियां सीज

पुलिस अधिकारी के अनुसार, मुख्तियार के खिलाफ चार प्लॉट को लेकर FIR दर्ज की गई थी। जांच के दौरान मौके से तीन अन्य प्लॉट के दस्तावेज भी मिले, जिसके आधार पर पुलिस ने करीब सात संपत्तियों को सीज किया है। मामले में नगर निगम और राजस्व विभाग से संबंधित जानकारी भी मांगी गई है। जांच में सामने आया है कि कुछ प्लॉट का क्षेत्रफल 10 हजार वर्गफीट से अधिक है जबकि कुछ प्लॉट 2 हजार से 5 हजार वर्गफीट के बीच हैं। पुलिस अब इन संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों और रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

नगर निगम से ली जाएगी संपत्तियों की जानकारी

डीसीपी ने बताया कि मामले में नगर निगम से भी जानकारी ली जाएगी और संबंधित संपत्तियों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारी स्पष्ट तौर पर कहा कि इस तरह की गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।