Nepal Flood: इंफोसिस पब्लिक सर्विसेज के प्रमुख लक्स गोपीसेट्टी लापता, निजी यात्रा पर गए थे नेपाल
इंफोसिस ने कहा कि इस समय कंपनी की सबसे बड़ी प्राथमिकता लैक्स गोपीसेट्टी की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित करना है। कंपनी ने बयान में कहा, “हम पुष्टि कर सकते हैं कि हमारे सहयोगी लैक्स गोपीसेट्टी फिलहाल संपर्क में नहीं हैं, जो निजी यात्रा पर इस इलाके में गए थे।”इंफोसिस ने यह भी बताया कि वह गोपीसेट्टी के परिवार के लगातार संपर्क में है और इस कठिन समय में उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
नई दिल्ली: नेपाल में आई भीषण बाढ़ और तबाही के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। इंफोसिस की सहायक कंपनी इंफोसिस पब्लिक सर्विसेज के CEO लैक्स गोपीसेट्टी नेपाल में बाढ़ के बाद से लापता बताए जा रहे हैं। कंपनी के मुताबिक, उनसे फिलहाल संपर्क नहीं हो पा रहा है।
इंफोसिस ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर बताया कि गोपीसेट्टी निजी यात्रा पर नेपाल गए थे। कंपनी अब संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर उनकी तलाश और उनसे संपर्क स्थापित करने की कोशिश कर रही है।
इंफोसिस ने परिवार से संपर्क में रहने की बात कही
इंफोसिस ने कहा कि इस समय कंपनी की सबसे बड़ी प्राथमिकता लैक्स गोपीसेट्टी की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित करना है।
कंपनी ने बयान में कहा, “हम पुष्टि कर सकते हैं कि हमारे सहयोगी लैक्स गोपीसेट्टी फिलहाल संपर्क में नहीं हैं, जो निजी यात्रा पर इस इलाके में गए थे।”
इंफोसिस ने यह भी बताया कि वह गोपीसेट्टी के परिवार के लगातार संपर्क में है और इस कठिन समय में उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
नेपाल बाढ़ में 320 भारतीय अब भी लापता
विदेश मंत्रालय (MEA) ने शुक्रवार को जानकारी दी कि नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ के बाद कम से कम 320 भारतीय नागरिकों से संपर्क नहीं हो पाया है।
इसके अलावा करीब 400 भारतीय नागरिक चीन की तरफ फंसे हुए हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत नेपाल सरकार को राहत और बचाव कार्यों में हर संभव मदद देने के लिए तैयार है।
153 भारतीय सुरक्षित नेपाल पहुंचे, 21 नागरिक दिल्ली लौटे
विदेश मंत्रालय के अनुसार, चीन की ओर फंसे 153 भारतीय नागरिक सुरक्षित नेपाल पहुंच गए हैं।
MEA प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि शुक्रवार को 21 भारतीय नागरिक नई दिल्ली पहुंचे। ये लोग नेपाल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से एक दिन पहले काठमांडू पहुंचे थे।
कौन हैं लैक्स गोपीसेट्टी?
इंफोसिस की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, लैक्स गोपीसेट्टी सरकारी क्षेत्र के संगठनों को रणनीति, तकनीक, ऑपरेशनल बदलाव और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन से जुड़े मामलों में सलाह देते हैं।
वह इंफोसिस पब्लिक सर्विसेज की रणनीति तैयार करने और उसे लागू करने की जिम्मेदारी संभालते हैं। उनका काम सरकारी एजेंसियों को बेहतर सेवाएं देने और उनके लक्ष्यों को पूरा करने में मदद करना है।
इंफोसिस से पहले एक्सेंचर में संभाल चुके हैं बड़ी जिम्मेदारी
लैक्स गोपीसेट्टी इससे पहले इंफोसिस में ग्लोबल वाइस प्रेसिडेंट रह चुके हैं। उन्होंने बिजनेस एप्लीकेशंस और डिजिटल वर्कस्पेस सर्विसेज के विस्तार में अहम भूमिका निभाई थी।
इंफोसिस से पहले वह एक्सेंचर में मैनेजिंग डायरेक्टर थे, जहां उन्होंने उत्तरी अमेरिका में हेल्थ और पब्लिक सर्विसेज कारोबार का नेतृत्व किया।
उनके करियर में बियरिंगपॉइंट, IBM, PwC और HCL जैसी कंपनियों में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं शामिल रही हैं।
नेपाल बाढ़ में बढ़ता जा रहा संकट
नेपाल और आसपास के इलाकों में आई भीषण बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। कई इलाकों में संपर्क टूट गया है और राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। खराब मौसम, भूस्खलन और जलभराव के कारण कई लोगों तक पहुंचना मुश्किल बना हुआ है।