पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने केंद्रीय मंत्री गडकरी को लिखा पत्र, NH-44 की जर्जर सड़क सुधारने और दुरुस्त होने तक टोल बूथ बंद करने की मांग

मध्य प्रदेश के सागर जिले की देवरी विधानसभा के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को एक पत्र लिखा है। उन्होंने सागर जिले के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) पर मालथौन से झिराघाटी तक की सड़क की अत्यंत जर्जर और चिंताजनक स्थिति की ओर ध्यान आकर्षित

Aug 10, 2026 - 12:30
पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने केंद्रीय मंत्री गडकरी को लिखा पत्र, NH-44 की जर्जर सड़क सुधारने और दुरुस्त होने तक टोल बूथ बंद करने की मांग

मध्य प्रदेश के सागर जिले की देवरी विधानसभा के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को एक पत्र लिखा है। उन्होंने सागर जिले के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) पर मालथौन से झिराघाटी तक की सड़क की अत्यंत जर्जर और चिंताजनक स्थिति की ओर ध्यान आकर्षित किया है।

पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने मांग की है कि जब तक सड़क की तत्काल मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं हो जाता, तब तक इस मार्ग पर स्थित टोल बूथ को तुरंत बंद किया जाए। बता दें कि राष्ट्रीय राजमार्ग-44 देश के सबसे महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्गों में से एक है।

पूर्व मंत्री यादव ने पत्र में लिखा है कि  वर्तमान में मालथौन से झिराघाटी के बीच सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे प्रतिदिन हजारों वाहन चालकों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के कारण दुर्घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं और वाहनों को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने आगे लिखा है कि ठेकेदार द्वारा केवल औपचारिकता निभाते हुए गड्ढों की लीपापोती की जाती है। कुछ ही समय बाद सड़क वापस खराब हो जाती है, जिससे समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है। इसके अलावा, सड़क के डिवाइडर पर आवश्यक ‘प्लांटेशन और हरित पट्टी’ का अभाव है, और क्षेत्र में बने ओवरब्रिज व अंडरब्रिज की निर्माण गुणवत्ता को लेकर भी स्थानीय जनता में गहरा असंतोष है।

काम पूरा होने तक टोल टैक्स बंद करने की मांग

पूर्व मंत्री ने आगे लिखा है कि  इस मार्ग का उपयोग करने वाली जनता से भारी-भरकम “टोल टैक्स” वसूला जा रहा है, लेकिन इसके बदले में उन्हें सुरक्षित और सुगम सड़क की सुविधा नहीं मिल रही है। खराब सड़क के कारण लोगों का अतिरिक्त समय, ईंधन और वाहन मरम्मत का खर्च बढ़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि जब तक सड़क को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्थिति में नहीं लाया जाता, तब तक टोल बूथ तुरंत बंद किए जाएं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।